गाजियाबाद। आई.टी.एस. फिजियोथैरेपी कॉलेज, मुरादनगर में फिजियोकॉन-2026 के अंतर्गत खेल संबंधित चोटों में टेपिंग तकनीक एवं ड्राई नीडलिंग विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के दौरान होने वाले चोटों के इलाज से बचाव की जानकारी देना और उनका अभ्यास कराना था।
इस अवसर पर आई.टी.एस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा जी एवं वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने कार्यशाला के विशेषज्ञ, डॉ. अमित दुबे का स्वागत किया। अर्पित चड्ढा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में केवल किताबों का पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को नई उपचार तकनीकों को सीखना और अभ्यास करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि संस्थान हमेशा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ ऐसे अवसर देने के लिए प्रयास करता है, जहां वे अनुभवी विशेषज्ञों से सीख सकें। संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ.एम थगराज ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल के दौरान लगने वाली चोटों के उपचार में फिजियोथेरेपिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यशाला के विशेषज्ञ, डॉ. अमित दुबे, खेल फिजियोथैरेपिस्ट एवं मुंबई इंडियंस की आईपीएल टीम से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञ हैं। डॉ.अमित दुबे ने विद्यार्थियों को खेलों में होने वाले विभिन्न चोटों, उनके इलाज और ठीक होने की प्रक्रिया में टेपिंग तथा ड्राई नीडलिंग के उपयोग के बारे में सरल तरीके से समझाया। उन्होंने अलग-अलग चोटों में टेप लगाने की सही विधि का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया और विद्यार्थियों को स्वयं टेप लगाने का अभ्यास भी कराया।
कार्यशाला में ड्राई नीडलिंग के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने बहुत उत्साह के साथ भाग लिया और विशेषज्ञ से कई प्रश्न पूछे। इस प्रश्नोत्तर सत्र से विद्यार्थियों को विषय को और अच्छी तरह समझने का अवसर मिला। कार्यशाला के बाद विद्यार्थियों ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उनके लिए बहुत उपयोगी और ज्ञानवर्धक रहा। सभी विद्यार्थियों ने संस्थान के वाइस चेयरमैनअर्पित चड्ढा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के लिए उनका विशेष रूप से धन्यवाद किया।







