माता रानी और मां काली की भव्य झांकी रही आकर्षण का केंद्र
गाजियाबाद। एसजी शिखर हाइट्स, सिद्धार्थ विहार में आयोजित भव्य डांडिया नाइट में सोसाइटी के निवासियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। शाम 6:30 बजे से रात 10:30 बजे तक चले इस रंगारंग कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति, संगीत और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सोसाइटी के विभिन्न आयु वर्ग के निवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माता रानी और मां काली की भव्य झांकी रही। झांकी के माध्यम से मां काली के रौद्र स्वरूप, राक्षसों के वध तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रभावशाली चित्रण किया गया। इस भक्तिमय प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सोसाइटी के निवासियों द्वारा लगभग 14 मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें समूह नृत्य, एकल नृत्य और युगल प्रस्तुतियों के साथ पारंपरिक गरबा एवं डांडिया की झलक देखने को मिली। नटखट गरबा स्टार्स, सात रंग एक साथ, लिली एंड लोटस ग्रुप, रोज ग्रुप, रास रसिका, रास मणि गरबा खेलैयो सहित विभिन्न प्रतिभागी समूहों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों की ऊर्जा, पारंपरिक परिधान और शानदार नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
भव्य एलईडी मंच, लाइव डीजे, प्रोफेशनल डांस ग्रुप और एंकर की प्रस्तुति ने आयोजन को और भी आकर्षक बनाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के समापन के बाद सोसाइटी के निवासी डीजे की धुनों और ढोल की थाप पर देर तक झूमते नजर आए। सभी ने एक साथ गरबा और डांडिया खेलकर उत्सव का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में खरीदारी के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां आभूषण, सूट-साड़ियां, दिवाली एवं करवाचौथ के सामान, बच्चों के खिलौने, ड्राई फ्रूट्स और घरेलू उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध रहीं। वहीं, चाट, पिज्जा, चोले-भटूरे, जलेबी, बर्फ के गोले, आइसक्रीम, कुल्फी और अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के लिए झूले, किड्स ट्रेन, मिकी माउस, खेल और मनोरंजक गतिविधियों की भी व्यवस्था की गई थी।
इस आयोजन ने सोसाइटी के निवासियों को एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने, अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने और सामुदायिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, सौहार्द और उत्सव का माहौल बना रहा।
एसजी शिखर हाइट्स की यह डांडिया नाइट भक्ति, संस्कृति, संगीत और सामूहिक सहभागिता का यादगार उत्सव बनकर संपन्न हुई।





