प्रोजेक्ट कामाख्या के तहत मासिक धर्म स्वास्थ्य पर किया जागरूक

  • बिराज फाउंडेशन और बस्ता फाउंडेशन ने तिरंगा पार्क में आयोजित किया कार्यक्रम
  • जरूरतमंद महिलाओं-किशोरियों को बांटे सैनिटरी पैड

गाजियाबाद। महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत देखभाल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिराज फाउंडेशन और बस्ता फाउंडेशन की ओर से संयुक्त रूप से प्रोजेक्ट कामाख्या के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अवंतिका स्थित तिरंगा पार्क में हुए कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी गई।
जागरूकता सत्र के दौरान प्रतिभागियों को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, सही हाइजीन प्रथाओं और इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। साथ ही मासिक धर्म को लेकर समाज में व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर करने तथा स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को सैनिटरी पैड वितरित किए गए। इसके अलावा व्यक्तिगत स्वच्छता और देखभाल को बढ़ावा देने के लिए फेसवॉश, बॉडी लोशन सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में बिराज फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. बिराज सिंह मौजूद रहे। उनके साथ ट्रेनर परमजीत कौर, डॉ. पूजा, शिक्षा दास, निधि और शाइली सहित दोनों संस्थाओं की टीम के सदस्य एवं स्थानीय प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

मासिक धर्म को लेकर झिझक दूर करने पर जोर

आयोजकों ने बताया कि प्रोजेक्ट कामाख्या का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाना, सही जानकारी उपलब्ध कराना और जरूरतमंदों तक आवश्यक स्वच्छता सामग्री पहुंचाना है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को बताया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है और इसके बारे में सही जानकारी एवं खुलकर संवाद स्वास्थ्य जागरूकता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रतिभागियों ने जागरूकता सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया और मासिक धर्म एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य से जुड़े सवालों की जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *