मुरादनगर में जमकर चला जीडीए का बुल्डोजर, कालोनाइजरों में हड़कंप

  • असालतनगर रोड से लेकर शोभापुर, दुहाई, नबीपुर, सैंतली, रावली रोड, शहजादपुर ,काकड़ा, बंदीपुर में हो रहा अवैध निर्माण
  • खेती की जमीन में धड़ल्ले से काटी जा रही अवैध कालोनियां
  • बिना नक्शे के हो रहा निर्माण, जीडीए का कोई खौफ नहीं

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा जिले भर में बिना मानचित्र स्वीकृत हुए खेती की जमीन में की जा रही प्लाटिंग के खिलाफ व अवैध निर्माणों पर रोजाना ही कहीं न कहीं ध्वस्तीकरण की कार्रवाही की जा रही है। जीडीए के रडार के पर मुरादनगर, लोनी व मोदीनगर क्षेत्र विशेष रूप से है। जबकि हकीकत यह है कि इन्हीं जगहों पर सबसे अधिक अवैध प्लाटिंग का काला कारोबार धड़ल्ले से हो रहा है। छोटे से लेकर बड़े प्रापर्टी डीलर, बिल्डर्स, एसोसिएट इस कारोबार से खूब फल फूल रहे हैं। जीडीए द्वारा एक-दो बार निर्माण गिराने की कार्यवाही की जाती भी है लेकिन इसके बाद से फिर से निर्माण चालू कर दिया जाता है और देखते ही देखते छह माह के भीतर ही कई अवैध कालोनियां बस गर्इं। मजेदार बात यह है कि यहां बिजली कनेक्शन भी देने में पावर कारपोरेशन कोई कंजूसी नहीं बरतता है जबकि एक दुकान के कनेक्शन के लिए तो तीन-तीन बार जेई द्वारा आवेदन आनलाइन भरवा दिया जाता है। ऐसे में आप खुद ही समझ सकते हैं कि क्या गड़बड़झाला चल रहा है। जीडीए ने अवैध निर्माणों पर मुरादनगर में मंंगलवार को जमकर बुल्डोजर चलाया तो बुधवार को राजनगर एक्सटेंशन में अवैध रूप से बनाए गए वेयरहाउस तक ध्वस्त कर दिए। जीडीए की इस कार्रवाई से कालोनाइजरों में खौफ बताया जाता है लेकिन यह खौफ ज्यादा दिन तक रहने वाला नहीं है।
29.09.2026 को प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में राजकुमार, दुुष्यन्त, प्रमोद आदि, द्वारा खसरा संख्या-563, नवीपुर बम्बा वाली रोड़, ग्राम-सैंतली मुरादनगर में निर्माण लगभग 18000 वर्गमीटर भूमि पर चिनाई, सड़क बनाकर अवैध प्लाटिंग की गयी थी, जिसे ध्वस्त कर दिया गया। विकास चौधरी/काजू चौधरी द्वारा शोभापुर, साई एन्क्लेव, मुरादनगर में प्रश्नगत निर्माण लगभग 1500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की गई , साथ में साई एन्क्लेव कालोनी पूर्व से निर्मित एवं विकसित कालोनी है। प्रमोद त्यागी द्वारा ग्राम-भिक्कनपुर भट्टे के पास खसरा संख्या-537 मुरादनगर, गाजियाबाद पर प्रश्नगत निर्माण लगभग 9000 वर्ग मीटर पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। सन्नी त्यागी, द्वारा नवीपुर बम्बा वाली रोड़, बीएलएएम पब्लिक स्कूल के बराबर में मुरादनगर में निर्माण लगभग 8500 वर्गमीटर में चिनाई एवं मिट्टी भराव करके सड़के एवं प्लाट बनाये गये। इनके द्वारा स्थल पर अवैध प्लाटिंग की गयी है। स्थल पर किसी के द्वारा कोई स्वीकृृति नहीं दिखायी गयी। जिसके विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी है। उपरोक्त अवैध कालोनी में कालोनाईजर द्वारा बनायी गई सड़क, बाउन्ड्रीवॉल, साईट आॅफिस, आदि को ध्वस्त कर दिया गया है। ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के समय स्थानीय निर्माणकर्ताओं/कालोनाईजरों द्वारा काफी विरोध किया गया, परन्तु प्राधिकरण पुलिस बल द्वारा उन्हे नियन्त्रित कर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही जारी रखी गयी। स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के समय सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ता एवं प्रवर्तन जोन-02 के समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल व प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ते की उपस्थिति में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। जीडीए द्वारा बताया गया है कि आगामी माह में भी ध्वस्तीकरण/सील की कार्यवाही किये जाने का अभियान जारी रहेगा।

राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में अवैध वेयर हाउस/गोदाम के निर्माण को जीडीए ने किया ध्वस्त

30.09.2026 को प्रभारी प्रवर्तन जोन-01 के नेतृत्व में क्षेत्रान्तर्गत स्थित खसरा संख्या-87-88, गुलधर रैपिड रेल पिलर नंबर-648 के सामने निर्माणकर्ता महेश गुप्ता द्वारा अनधिकृत रूप से निर्मित वेयर हाउस/गोदाम के निर्माण, हिमांशु त्यागी, अजीत त्यागी द्वारा ग्राम नूरनगर, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद पर किए गए अवैध निर्माण एवं निर्माणकर्ता अमित त्यागी द्वारा खसरा संख्या-870, ग्राम नूरनगर, सिहानी, राजनगर एक्सटेंशन, पर किए गए अवैध निर्माण के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी।
हालांकि मुरादनगर पाइपलाइन रोड के किनारे भी कई अवैध कालोनियां काटी जा रही हैं जिनमें से एक कालोनी को तो जीडीए एक नहीं बल्कि कई बार बुल्डोजर चला चुका है। वह कालोनी अभी तक आबाद तो नहीं हो सकी है लेकिन उसकी साथ की कई कालोनियों में मकान बनकर तैयार हो गए और बिजली से रोशन भी हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *