मोदीनगर: क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से 30 सितंबर 2026 को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल द्वारा प्राधिकरण के सचिव, प्रभारी मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारियों/तकनीकी टीम के साथ मोदीनगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान तथा मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. मंजू शिवाच भी उपस्थित रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों द्वारा मोदीनगर क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न आवश्यकताओं एवं सुझावों से प्राधिकरण के अधिकारियों को अवगत कराया गया।
मोदीनगर के मध्य से गुजर रहे नाले के पुनरुद्धार का लिया गया जायजा
निरीक्षण के दौरान मोदीनगर के मध्य से होकर गुजर रहे नाले का विशेष रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। नाले के क्षतिग्रस्त/टूटे हुए हिस्सों का जायजा लेते हुए उसकी मरम्मत एवं आवश्यक पुनरुद्धार कार्य की संभावनाओं का तकनीकी परीक्षण किया गया।
उपाध्यक्ष द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्थल की वास्तविक स्थिति का तकनीकी आकलन करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए तथा नागरिकों की सुविधा, जल निकासी व्यवस्था एवं क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्य का आकलन एवं प्रस्ताव तैयार किया जाए।
गांधी स्टेडियम में हाईमास्ट लाइटिंग के लिए तैयार होगा प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान गांधी स्टेडियम, मोदीनगर का भी निरीक्षण किया गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा स्टेडियम में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइटें स्थापित किए जाने का सुझाव/अनुरोध रखा गया।
इस पर उपाध्यक्ष द्वारा संबंधित प्राधिकरण की तकनीकी टीम को गांधी स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर हाईमास्ट लाइटिंग की आवश्यकता, उपयुक्त स्थान, तकनीकी मानकों एवं अनुमानित लागत का आकलन करते हुए एस्टीमेट/प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकतानुसार आगामी कार्यवाही की जा सके।

प्राधिकरण की संचालित योजनाओं का भी किया गया निरीक्षण
इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष द्वारा प्राधिकरण की ओर से मोदीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित प्राधिकरण की अन्य संचालित योजनाओं की प्रगति एवं मौके की स्थिति का जायजा लिया गया। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्माण एवं विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर प्राथमिकता से होगी कार्यवाही
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने कहा कि मोदीनगर क्षेत्र के विकास से संबंधित जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों का तकनीकी एवं वित्तीय दृष्टि से परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों की आवश्यकता का स्थल पर परीक्षण करते हुए व्यवहारिक एवं प्रभावी प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
इस अवसर पर प्राधिकरण के सचिव विवेक कुमार मिश्रा, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन, संबंधित अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारीगण/तकनीकी टीम उपस्थित रही।

