गाजियाबाद। वृद्धजन दिवस के अवसर पर SG Shikhar Heights, Siddharth Vihar के निवासियों ने मिलकर हमारे समाज के वरिष्ठजनों के सम्मान में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर लगभग 50 सम्मानित बुजुर्गों को फूलमाला एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में सोसाइटी के सभी वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई बुजुर्गों ने अपने जीवन के अनमोल अनुभव सभी के साथ साझा किए, तो कुछ ने गीत और कविताओं के माध्यम से जीवन की सुंदरता और संघर्षों को अभिव्यक्त किया। इन भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आत्मीय और भावुक बना दिया। कई वरिष्ठजन इस आत्मीय सम्मान से भावुक भी हो उठे।
समारोह के दौरान हमारे बुजुर्गों ने सभी निवासियों को अपना आशीर्वाद दिया, इस सुंदर पहल के लिए आभार व्यक्त किया और आयोजन की खुले दिल से सराहना की।
यह समारोह केवल एक दिन का सम्मान नहीं, बल्कि एक संकल्प भी था—कि हमारे बुजुर्गों का सम्मान केवल वृद्धजन दिवस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह हमारे दैनिक आचरण और संस्कारों का हिस्सा बनेगा। साथ ही, हम यह संस्कार अपनी आने वाली पीढ़ी को भी देंगे कि वे सदैव अपने बुजुर्गों का सम्मान करें, उनके अनुभवों से सीखें और उन्हें परिवार एवं समाज की अमूल्य धरोहर समझें।
बुजुर्ग हमारे अतीत की विरासत ही नहीं, बल्कि हमारे वर्तमान का आशीर्वाद और भविष्य की पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक हैं।





