आई.टी.एस मोहननगर में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित

  • रोटरी क्लब गाजियाबाद के सहयोग से लगाया गया शिविर
  • 200 से अधिक यूनिट रक्त किया गया संग्रहित
  • रक्तदान मानवता के प्रति सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्वों में से एक

गाजियाबाद। इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (आई.टी.एस), मोहन नगर, गाजियाबाद में रोटरी क्लब गाजियाबाद के सहयोग से वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आई.टी.एस यूजी कैंपस के बीबीए एवं बीसीए पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 200 से अधिक यूनिट रक्तदान कर सामाजिक दायित्व एवं मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर का उद्घाटन आई.टी.एस द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा, रोटरी क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर श्री अमित गुप्ता, प्रोजेक्ट चेयरमैन अतुल जैन, रोटरी क्लब गाजियाबाद के अध्यक्ष संजय गर्ग, अनिल गुप्ता तथा डॉ. नैन्सी शर्मा, प्रिंसिपल आई.टी.एस यूजी कैंपस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार, डायरेक्टर आई.टी.एस स्कूल आॅफ मैनेजमेंट, डॉ. सुनील पांडे, डायरेक्टर आई.टी.एस, मोहन नगर, गाजियाबाद, डॉ. अमित शर्मा, एनएसएस कोआॅर्डिनेटर आई.टी.एस यूजी कैंपस, विकास त्यागी, रजिस्ट्रार, डॉ. विदुषी सिंह, डीन (अकादमिक्स) आई.टी.एस यूजी कैंपस, प्रो. आदिल खान, डॉ. संदीप गर्ग सहित संस्थान के सभी संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सा आवश्यकता नहीं, बल्कि मानवता के प्रति सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्वों में से एक है। एक यूनिट रक्त संकट के समय किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
आई.टी.एस द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, सेवा भाव और जिम्मेदार नागरिकता का विकास करना भी है।
इस अवसर पर आई.टी.एस द एजुकेशन ग्रुप के वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने कहा कि रक्तदान निस्वार्थ सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ द्वारा बड़ी संख्या में किए गए रक्तदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी से समाज में सेवा और सहयोग की संस्कृति को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने इस प्रकार के जनकल्याणकारी अभियानों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
रोटरी क्लब के प्रतिनिधियों ने आई.टी.एस प्रबंधन, एनएसएस टीम, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के रक्तदान शिविर स्वास्थ्य सेवाओं को सहयोग देने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को भी मजबूत करते हैं।
शिविर में रक्तदान के लिए पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, हीमोग्लोबिन जांच और चिकित्सकीय परामर्श की समुचित व्यवस्था की गई थी। योग्य रक्तदाताओं से विशेषज्ञ चिकित्सा टीम की देखरेख में रक्त संग्रह किया गया तथा रक्तदाताओं के लिए जलपान एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं भी की गईं।
इस अवसर पर 200 से अधिक यूनिट रक्त का संग्रह संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के मजबूत सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का प्रमाण रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में रक्तदान – महादान की भावना को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें समाज के प्रति अपनी भूमिका और जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना था। आई.टी.एस, मोहन नगर, गाजियाबाद ने रोटरी क्लब गाजियाबाद, चिकित्सा टीम, सभी रक्तदाताओं, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *