गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत आवंटन, 138 आवेदक प्रतीक्षा सूची में भी शामिल- गाजियाबाद: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा योजना संख्या 932/41डी0, ग्राम शाहबाद उर्फ मीठेपुर (खसरा संख्या 46 एवं 47) तथा ग्राम मिर्जापुर (खसरा संख्या 126, 128 एवं 129) में निर्मित आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के आवासों के आवंटन हेतु आज हिन्दी भवन, लोहिया नगर, गाजियाबाद में लॉटरी ड्रॉ का आयोजन किया गया। निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप आयोजित यह ड्रॉ निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। लॉटरी ड्रॉ के माध्यम से कुल 1,493 EWS आवासों का आवंटन किया गया, जबकि भविष्य में आवंटन की संभावनाओं के दृष्टिगत 138 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में सम्मिलित किया गया। पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार सम्पन्न कराई गई, जिससे पात्र आवेदकों को समान अवसर उपलब्ध कराने तथा आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के प्रति प्राधिकरण की प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई। ड्रॉ की प्रक्रिया अपर सचिव, वित्त नियंत्रक, विशेष कार्याधिकारी, परियोजना अधिकारी (डूडा) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति एवं निगरानी में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आवेदक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे, जिनके समक्ष लॉटरी की प्रक्रिया पूरी की गई। प्राधिकरण द्वारा प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। लॉटरी ड्रॉ में आवास आवंटित होने से लाभार्थियों में प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। अपना घर मिलने की उम्मीद साकार होने पर लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार तथा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने तथा पारदर्शी एवं नियमसम्मत आवंटन प्रक्रिया के जरिए उन्हें सुरक्षित आवासीय सुविधा प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


