उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एमएमजी जिला अस्पताल का किया स्थलीय निरीक्षण

  • आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता
  • मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो
  • अस्पताल में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश
  • चिकित्सकों की कमी दूर करने, जर्जर भवनों की जांच कराने एवं आवश्यक बजट उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को किया निर्देशित

गाजियाबाद। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद गाजियाबाद के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित अखिल भारतीय खेलकूद समारोह–2026 का शुभारम्भ किया। इसके उपरांत उन्होंने एमएमजी जिला अस्पताल पहुंचकर वहां उपलब्ध चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तथा निर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री के एमएमजी जिला अस्पताल आगमन पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सचिन चन्द्र वैश्य, सीएमएस डा.राकेश कुमार गाजियाबाद तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम उपस्थित रही। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा उप मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों से जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल

उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकांश मरीज बुखार एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित पाए गए। उप मुख्यमंत्री ने मरीजों को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। मरीजों एवं उनके तीमारदारों ने अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सेवाओं एवं चिकित्सकीय स्टाफ के व्यवहार पर संतोष व्यक्त किया तथा उपचार के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलने की बात कही। इसी क्रम में उन्होंने दुर्घटना में घायल एक ऐसे मरीज से भी बातचीत की, जो शराब के सेवन के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ था और वर्तमान में उपचाराधीन था। उप मुख्यमंत्री ने उसे नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को उसकी जिम्मेदारियों से विमुख करता है तथा स्वयं के साथ-साथ पूरे परिवार के जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने मरीज को अपने स्वास्थ्य एवं परिवार के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा भविष्य में नशे से पूर्णतः दूर रहने की सलाह दी।

निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का निरीक्षण, शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि भवन निर्माण का कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि इसका लाभ आमजन को जल्द से जल्द मिल सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि निर्माण कार्य में बजट की कोई समस्या आ रही है तो इसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार बजट की मांग का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाए, जिससे धनराशि की उपलब्धता सुनिश्चित कर निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जा सके।

पुराने निर्माण की पीडब्ल्यूडी से जांच कराने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नई बिल्डिंग के समीप स्थित अन्य भवनों एवं निर्माणों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित निर्माणों की लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से तकनीकी जांच कराई जाए। जांच में यदि कोई भवन ध्वस्तीकरण योग्य पाया जाता है तो नियमानुसार उसे ध्वस्त कराया जाए तथा यदि भवन उपयोग योग्य स्थिति में है तो उसका आवश्यकतानुसार जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के लिए आवश्यक बजट की व्यवस्था जनपद स्तर अथवा शासन स्तर से नियमानुसार सुनिश्चित की जाए, ताकि अस्पताल परिसर की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाया जा सके।

चिकित्सकों की कमी दूर करने एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने जनपद में चिकित्सकों की उपलब्धता एवं रिक्त पदों की स्थिति पर भी जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जिन चिकित्सकीय पदों पर कमी है, उन्हें पूरा करने के लिए शासन को तत्काल आवश्यक पत्र प्रेषित किए जाएं। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं, जिससे आम नागरिकों को समयबद्ध एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *