आजाद समाज पार्टी ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर बिजलीघर पर किया जोरदार प्रदर्शन

  • एक्सईएन आफिस का किया घेराव, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
  • 15 दिन का दिया अल्टीमटम, नहीं हुआ समाधान तो फिर करेंगे घेराव

गाजियाबाद। आजाद समाज पार्टी ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सोमवार को मुरादनगर पावर कारपोरेशन आफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया। अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर पार्टी के प्रदेश महासचिव निजाम चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व पार्टी पदाधिकारियों ने काफी देर तक एक्सईएन आफिस का घेराव किए रखा। हंगामा और नारेबाजी के बीच मोदीनगर एसडीएम धरना स्थल पर पहुंची और मांग पत्र लिया। मांग पत्र में अल्टीमेटम दिया गया है कि यदि 15 दिन के भीतर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो फिर से एक्सईएन आफिस का घेराव किया जाएगा। एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया।
आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव निजाम चौधरी ने एसडीएम को दिए मांग पत्र में कहा है कि मुरादनगर शहर में जितनी भी जगह एरियल बंच कंडक्टर लटके हुए हैं उन्हें तुरंत ठीक किया जाए, कई कालोनियों में बांस की बल्लियों पर ही विद्युत लाइन गुजर रही है, वहां बिजली के पोल लगाए जाएं ताकि हादसों को रोका जा सके, खुले में रखे विद्युत ट्रांसफार्मरों को लोहे का जाल बनवाकर उन्हें कवर किया जाए, जो ट्रांसफार्मर जमीन पर रखे हुए उन्हें स्टैंड पर रखा जाए, अन्यथा की स्थिति में बारिश का पानी भरने से करंट फैल सकता है और बड़ी जनहानि हो सकती है। वार्ड नंबर 12 में कब्रिस्तान के ऊपर तार लटके हुए जो हादसे का सबब बने हुए उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए,शहजादपुर गांव की तरफ नंगे तारों की लाइन जा रही है उसे हटाया जाए, मुखिया कालोनी का लाइन चार्ट गलत है उसे बदला जाए। चार्ट बनाने वाले जूनियर इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसी कालोनी में एक और ट्रांसफार्मर रखा जाए। जो कालोनियां अभी आबाद भी नहीं हैं वहां विद्युत पोल लगाए गए हैं उन्हें तुरंत हटाया जाए। बिजली दफ्तरों में आम लोगों से होने वाले दुर्व्यवहार को रोका जाए। क्षेत्र में जितने भी संविदा कर्मचारी हैं उनकी जांच कराई जाए। ऐसे संविदा कर्मी लोगों को कनेक्शन काटने की धमकी देकर वसूली करते हैं, लोगों के पैसे हड़पने का भी काम कर रहे हैं ऐसे संविदा कर्मियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ये लोग ही राजस्व का चूना लगा रहे हैं और बिजली चोरी कराने में इनकी बहुत बड़ी भूमिका रहती है। इस मौके पर एसीपी मुरादनगर, थाना अध्यक्ष मुरादनगर के अलावा पार्टी के राजस्थान प्रभारी सतपाल चौधरी, प्रदेश सचिव संजय जाटव, प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य अफजाल सैफी, जिला अध्यक्ष अशोक सम्राट, बाबू भाई, शकील, रमेश चंद्र, अय्यूब गाजी, दिलशाद मलिक, दाऊद अहमद, रमेश ठेकेदार, सुशील गौतम आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *