सांसद, विधायक, महापौर और पार्षद भी निभाएंगे पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी, मतदाता सूची में एक भी नाम छूटने न देने का लक्ष्य
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी द्वारा बूथ प्रबंधन को मजबूत बनाने और प्रत्येक मतदाता को मतदाता सूची से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ शुरू किया गया है। अभियान के तहत महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में सदर विधानसभा और मुरादनगर विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। इनमें कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अशोक कटारिया ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता सूची को दुरुस्त कराने में सक्रिय भूमिका निभाएगा। सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद और ब्लॉक प्रमुख सहित सभी जनप्रतिनिधि पन्ना प्रमुख की भूमिका निभाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में प्रत्येक मतदाता तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर संपर्क कर छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाए जाएं।
उन्होंने बताया कि आगामी 22, 23 और 24 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने सोशल मीडिया सहित प्रचार-प्रसार के विभिन्न माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने बूथ अध्यक्षों, सेक्टर संयोजकों और पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची का गहन निरीक्षण किया जाए और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल कराने के लिए पूरी सक्रियता से काम किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठकों में विधायक संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी, विधानसभा प्रभारी नरेश तोमर, महापौर सुनीता दयाल, पूर्व महापौर आशु वर्मा, महानगर महामंत्री पंकज भारद्वाज, प्रदीप चौहान, गौरव चोपड़ा, अमित रंजन, नीरज शर्मा, महेंद्र यादव, पार्षद अमित त्यागी, प्रवीण चौधरी, मंडल अध्यक्ष महिम गुप्ता, विपिन चौधरी, नीरज त्यागी, राहुल तोमर, हेमराज मेहर, धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

