“मार्केटिंग 5.0: एआई संचालित विश्व में तकनीक को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ना” विषय रहा

गाजियाबाद: आई.टी.एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, मोहन नगर, गाजियाबाद ने सिनर्जी यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक सहयोग से 21 नवंबर 2026 को ड्रोणाचार्य ऑडिटोरियम में मार्केटिंग समिट 2026 का आयोजन किया। इस वर्ष समिट का विषय “मार्केटिंग 5.0: एआई संचालित विश्व में तकनीक को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ना” रहा। इस आयोजन में विभिन्न संस्थानों के 250 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समिट का उद्देश्य उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच संवाद को प्रोत्साहित करना तथा आधुनिक विपणन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल परिवर्तन और मानवीय दृष्टिकोण की उभरती भूमिका पर विचार-विमर्श करना था।
इस अवसर पर डॉ. आर. पी. चड्ढा, चेयरमैन, आई.टी.एस – द एजुकेशन ग्रुप एवं अर्पित चड्ढा, वाइस चेयरमैन, आई.टी.एस – द एजुकेशन ग्रुप ने समिट की सफलता हेतु अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रो. याचना मल्होत्रा, सत्र समन्वयक ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए समिट की विषयवस्तु से परिचित कराया। प्रो. (डॉ.) अजय कुमार, निदेशक, आई.टी.एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने विद्यार्थियों के व्यावसायिक ज्ञान एवं कौशल विकास में उद्योग जगत के अनुभवों के महत्व पर प्रकाश डाला। समिट की संयोजक प्रो. दुर्बा रॉय ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए तकनीक एवं मानवीय मूल्यों के समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
उद्घाटन सत्र में प्रतिष्ठित उद्योग विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। श्री सोहनजीत रंधावा, डायरेक्टर – स्ट्रेटेजी एंड सस्टेनेबिलिटी अफेयर्स, वोल्वो ग्रुप ने औद्योगिक परिवर्तन, सतत विकास एवं उत्पादकता में एआई की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए नैतिक निर्णय प्रक्रिया और मानवीय विवेक के महत्व को रेखांकित किया। सुश्री श्वेता सहरावत, प्रेसिडेंट एवं जोनल हेड – नॉर्थ एंड ईस्ट, हाउडेन ग्रुप ने एआई के प्रभावी उपयोग, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग तथा विपणन में मानवीय रचनात्मकता एवं भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। सुश्री साधना करवाल, सीईओ एवं सह-संस्थापक, ब्रांड बजूका एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड ने मार्केटिंग 5.0 के पांच प्रमुख स्तंभों – डेटा आधारित, चुस्त, पूर्वानुमानात्मक, संदर्भ आधारित एवं संवर्धित विपणन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एआई आधारित विपणन अभियानों के लिए H.U.M.A.N. टेस्ट की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए ईमानदारी, उपयोगिता, सार्थकता, जवाबदेही एवं सांस्कृतिक प्रासंगिकता पर विशेष जोर दिया।
समिट के प्रथम पैनल डिस्कशन का विषय “ह्यूमन-सेंटर्ड एआई इन मार्केटिंग” रहा, जिसका संचालन प्रो. दुर्बा रॉय ने किया। पैनल में विवेक मल्होत्रा (PRUNE), श्री संदीप पंडिता (DS Group), श्री जसप्रीत वालिया (Abbott Vascular), अनिंद्य पाल (INEOS Styrolutions APAC), संदीप हांडा (Ferrera Beverages) एवं सुश्री साधना करवाल शामिल रहे। विशेषज्ञों ने बिक्री, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्राहक सहभागिता, परिचालन एवं उपभोक्ता विश्लेषण में एआई के व्यावहारिक उपयोग पर चर्चा की। उन्होंने डेटा की गुणवत्ता, एआई के जिम्मेदार उपयोग तथा व्यावसायिक निर्णयों में मानवीय विवेक, रचनात्मकता एवं भावनात्मक बुद्धिमत्ता के महत्व को रेखांकित किया।
द्वितीय पैनल डिस्कशन का विषय “सोशल कॉमर्स एंड फिजिटल मार्केटिंग” रहा, जिसका संचालन श्री विनायक लाल, एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – सेल्स, डीएस ग्रुप ने किया। पैनल में श्री नवनीत कुमार, डायरेक्टर – बीटीएल इनिशिएटिव, YesMadam; सुमित सिंह नागपाल, रीजनल सेल्स हेड, बिरला ओपस पेंट्स तथा श्री अभिषेक सिंह, हेड – रीजनल परचेज, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज ने सहभागिता की। चर्चा के दौरान बदलते उपभोक्ता व्यवहार, सोशल मीडिया के प्रभाव, डिजिटल माध्यमों से मिलने वाली सिफारिशों तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन विपणन माध्यमों के एकीकरण पर विचार साझा किए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि एक सफल ब्रांड की पहचान केवल डिजिटल उपस्थिति से नहीं, बल्कि ग्राहकों के विश्वास, उत्पाद अनुभव और प्रभावी संवाद से बनती है।
कार्यक्रम का एक अन्य प्रमुख आकर्षण “एआई इन मार्केटिंग” विषय पर केस स्टडी प्रतियोगिता रही। इसमें जी.एल. बजाज, जेसीसी एवं आईएमएस सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों तथा आई.टी.एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के सात विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने एआई आधारित विपणन रणनीतियों, ग्राहक वर्गीकरण, व्यक्तिगत विपणन, डिजिटल मार्केटिंग एवं उपभोक्ता व्यवहार जैसे विषयों पर प्रस्तुतियाँ दीं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. सतीश कुमार, प्रोफेसर, आई.टी.एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने समस्या समाधान क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच, प्रबंधकीय दृष्टिकोण एवं मौलिकता के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आई.टी.एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, मोहन नगर, गाजियाबाद के यश राज सिंह ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान जी.एल. बजाज, ग्रेटर नोएडा के निशांत मिश्रा एवं प्रफुल्ल तिवारी ने हासिल किया।
मार्केटिंग समिट 2026 विद्यार्थियों के लिए उद्योग विशेषज्ञों से संवाद स्थापित करने, विपणन के नवीनतम रुझानों को समझने तथा एआई आधारित व्यावसायिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुआ। समिट ने यह संदेश दिया कि तकनीक भले ही कार्यक्षमता एवं नवाचार को बढ़ावा देती है, लेकिन सफल विपणन का वास्तविक आधार मानवीय समझ, रचनात्मकता, विश्वास और ग्राहकों के साथ सार्थक संबंध स्थापित करना है।

