- अस्थाई हैलीपेड और पार्किंग के रूप में किया जाएगा विकसित
- इन्दिरा गांधी, नारायण दत्त तिवारी व मुलायम सिंह यादव का उतर चुका है यहां हेलीकाप्टर



गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल द्वारा अंबेडकर रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र की व्यवस्थाओं की सराहना की और भविष्य में यहां हैलीपैड और पार्किंग स्थल बनाए जाने पर विचार विर्मश किया। केन्द्र के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार मित्तल मेंदी वालों के नेतृत्व में यह निरीक्षण संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संस्था के महामंत्री वीरू बाबा, उपाध्यक्ष संजीव मित्तल एवं रविंद्र मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान केंद्र में संचालित फिजियोथैरेपी सेंटर का भी अवलोकन किया गया। फिजियोथेरेपी सेंटर की व्यवस्था के बारे में विकास मित्तल द्वारा विस्तार से सीडीओ को जानकारी दी गई। विशाल ग्राउंड की व्यवस्थाओं का संचालन ग्राउंड इंचार्ज मोहित मित्तल द्वारा किया गया। सीडीओ अभिनव गोपाल ने केंद्र की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं संचालन प्रणाली की सराहना की। निरीक्षण के दौरान केंद्र में चल रही गतिविधियों एवं प्रबंधन व्यवस्था को देखकर उन्होंने संतुष्टि व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान भविष्य में युवाओं के लिए कुछ नए खेलों को शामिल करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस विषय पर सभी पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई और केंद्र के समग्र विकास हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।
इसके अतिरिक्त बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई कि भविष्य में यदि मुख्यमंत्री का गाजियाबाद आगमन होता है तो केंद्र के इस विकसित मैदान को अस्थायी हेलीपैड के रूप में उपयोग किया जा सकता है। इस प्रस्ताव को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया। केन्द्र के अध्यक्ष राजेन्द्र मित्तल मेंदी वालों ने सीडीओ को अवगत कराया कि उक्त मैदान में पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का हेलीकाप्टर भी उक्त मैदान में उतर चुका है। राजेन्द्र मित्तल ने अवगत कराया कि उक्त केन्द्र को जिला प्रशासन जिस तरीके से भी और विकसित करना चाहे वो पूरी तरह से सहयोग को तैयार हैं। भविष्य में यहां मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था किए जाने पर भी सीडीओ के साथ वार्ता हुई जिसको लेकर केन्द्र के अध्यक्ष राजेन्द्र मित्तल ने पूर्ण सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यहां मल्टीलेवल पार्किंग के बन जाने से तुराबनगर और अंबेडकर रोड पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सकेगी। इस अवसर पर सभी उपस्थित सदस्यों ने केंद्र को और अधिक सशक्त एवं उपयोगी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

