गांधी जयंती पर आयोजित वॉकरेस प्रतियोगिता में 112 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग

गाजियाबाद। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर आज 02 अक्टूबर 2026 को साई उपवन पार्क में प्रातः 06:00 बजे से पुरुष एवं महिला 05 किलोमीटर ओपन वर्ग की पैदलचाल (वॉकरेस) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों एवं महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम के कुल 112 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 88 पुरुष एवं 24 महिला खिलाड़ी शामिल रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ क्रीड़ाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम को स्वच्छ एवं पॉलीथिन मुक्त रखने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए गए तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित वॉकरेस प्रतियोगिता के महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ, पंचम एवं षष्ठम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से क्रीड़ाधिकारी द्वारा आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रतियोगिता के परिणाम: महिला वर्ग में फलक ने प्रथम, सुनीता ने द्वितीय, आराध्या ने तृतीय, जागेश्वरी ने चतुर्थ, राधिका ने पंचम तथा सोनिया ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष वर्ग में नीरज ने प्रथम, पंकज ने द्वितीय, नीतीश कुमार ने तृतीय, सक्षम ने चतुर्थ, शिवकान्त ने पंचम तथा उमर ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *