- एआरटीओ गाजियाबाद डा. सियाराम वर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई
गाजियाबाद। यमुना एक्सप्रेस-वे पर आएदिन हो रहे हादसों के मददेनजर एआरटीओ गाजियाबाद ने कड़ी कार्रवाई की है। सड़कों पर सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नियमबद्ध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के दिये गये निर्देशों के क्रम में गौतमबुद्धनगर में परी चौक, यमुना एक्सप्रेस-वे पर अनाधिकृत रूप से संचालित बसों के विरुद्ध सघन एवं कड़ी प्रवर्तन कार्यवाही की गयी। उक्त कार्यवाही डॉ. सिया राम वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गाजियाबाद के नेतृत्व में सम्भाग गाजियाबाद के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा की गयी। उक्त अभियान में बिना परमिट, बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग, अनुचित स्थानों पर सवारी उतारने चढ़ाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित बसों की गहन जांच की गयी। इस अभियान में केन्द्रीय मोटर वाहन अधिनियम एवं उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम के प्राविधानों का उल्लंघन करने वाली 60 बसों का चालान करते हुए 54 वाहनों को निरूद्ध (सीज) किया गया। उक्त कार्यवाही के फलस्वरूप प्रशमन शुल्क 21 लाख आरोपित किया गया। प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान निरूद्ध की गयी बसो को मोरना बस डिपों एवं कासना बस डिपों में खड़ा कराया गया है। इसी क्रम में प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा बस चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने एवं वैध प्रपत्रों के साथ ही वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि अनाधिकृत बसों का संचालन न केवल यात्रियों की सुरक्षा के लिये खतरा है, बल्कि वैध रूप से संचालित परिवहन सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी। डॉ. सिया राम वर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गाजियाबाद द्वारा आम जनमानस से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं परमिट धारी वाहनों में ही यात्रा करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना विभाग को उपलब्ध करायें, जिससे सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

