
गाजियाबाद। बेंगलुरु में पूर्व छात्र सम्मेलन के सफल आयोजन के पश्चात, गाजियाबाद स्थित राज कुमार गोयल प्रौद्योगिकी संस्थान (आर.के.जी.आई.टी.) द्वारा 25 अप्रैल 2026 को पुणे, महाराष्ट्र में भी पूर्व छात्र सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रेडिसन ब्लू, हिंजवाड़ी, पुणे में आयोजित हुआ, जिसमें वर्ष 2004 से 2025 तक के 100 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अक्षत गोयल, उपाध्यक्ष, आर.के.जी. समूह संस्थान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पूर्व छात्रों से संवाद करते हुए उनके जीवन में किए जा रहे प्रयासों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम की शुरूआत पूर्व छात्र संघ (एलुमनाई एसोसिएशन) की सचिव डॉ. रितु अग्रवाल के स्वागत भाषण से हुई। इसके पश्चात प्रथम एवं द्वितीय बैच के पूर्व छात्रों ने श्री अक्षत गोयल का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व छात्रों ने आर.के.जी. समूह संस्थान के उपाध्यक्ष के विचारों एवं दूरदृष्टि की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इसके अतिरिक्त समूह कार्यकारी निदेशक डॉ. डी. के. चौहान, निदेशक डॉ. बी. सी. शर्मा, सह-निदेशक (कॉपोर्रेट संसाधन केंद्र) श्री रितेश पाहुजा, कुलसचिव श्री बलदेव, पूर्व छात्र संघ की सचिव डॉ. रितु अग्रवाल, संयुक्त सचिव सौरभ सिंह तथा पुणे प्रकोष्ठ 1.0 की संयोजक सुश्री निशी पाठक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. बी. सी. शर्मा ने संस्थान में हो रहे उन्नयन के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। वहीं समूह कार्यकारी निदेशक डॉ. डी. के. चौहान ने संस्थान में हो रही प्रगति तथा एन.ए.ए.सी. एवं एन.बी.ए. मान्यता से संबंधित उपलब्धियों को रेखांकित किया। सह-निदेशक श्री रितेश पाहुजा ने भी पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच मजबूत संबंधों पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने महाविद्यालय के दिनों की यादें साझा कीं और संस्थान से अपने पुराने जुड़ाव को पुन: जीवंत किया। साथ ही उन्होंने अपने अनुभवों को महाविद्यालय के जूनियर विद्यार्थियों के साथ साझा करने की सहमति दी तथा महाविद्यालय में आकर अथवा आभासी माध्यम से व्याख्यान देने की इच्छा जताई, जिससे वर्तमान छात्रों को मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में विभिन्न संवादात्मक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें भाग लेकर पूर्व छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ शाम का आनंद लिया और आपसी जुड़ाव को और अधिक सुदृढ़ किया। कुछ प्रतिभागियों ने काव्य पाठ प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
यह पूर्व छात्र सम्मेलन आपसी संवाद, संपर्क तथा पुराने संबंधों को पुनर्जीवित करने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ।

