
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में बेहतर सड़क एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य की शुरूआत की गई। अभियंत्रण जोन-7 के अंतर्गत श्याम पार्क मेन स्थित पाइप मार्केट क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस कार्य का शुभारंभ माननीय मंत्री श्री सुनील शर्मा जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री नन्द किशोर कलाल, सचिव श्री विवेक कुमार मिश्रा, मुख्य अभियंता श्री आलोक रंजन, अधिशासी अभियंता, पाइप मार्केट व्यापारी संगठन के पदाधिकारी एवं स्थानीय पार्षद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस परियोजना के तहत कुल 2756 मीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। सड़कों के साथ आरसीसी ड्रेन, बीएम, एसडीबीसी और इंटरलॉकिंग टाइल्स भी बनाई जाएंगी। इस कार्य की कुल लागत लगभग 1040 लाख है। इस निर्माण कार्य से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा, जलभराव की समस्या कम होगी और स्थानीय व्यापारियों व नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्य अच्छी गुणवत्ता के साथ और तय समय में पूरा हो, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

