- विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता व समयबद्धता सुनिश्चित करें: वन्दना वर्मा
- जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों की स्वीकृति/अस्वीकृति की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायें

गाजियाबाद। दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में वन्दना वर्मा, (सभापति) के सभापतित्व में उत्तर प्रदेश विधान परिषद् की विधायी समाधिकार समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न सम्पन्न हुई। बैठक में हापुड़, गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के अधिकारियों द्वारा मुख्य रूप से वन्दना वर्मा (सभापति), डॉ.प्रज्ञा त्रिपाठी सदस्य, दिनेश कुमार गोयल सदस्य, नन्द किशोर गुर्जर विधायक लोनी, ममता त्यागी जिला पंचायत अध्यक्ष गाजियाबाद, अजय कुमार अपर निजी सचिव, संजय कुमार समिति अधिकारी, सुनील कुमार आर्य समीक्षा अधिकारी, अभय सिंह प्रतिवेदक को पटका पहनाकर व पुष्प गुच्छ, पौधा, प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत व सम्मानित किया गया। विकास भवन प्रांगण में पहुंचने पर सभापति को गार्ड आॅफ आॅनर देकर सम्मानित किया गया। समिति द्वारा क्रमवार हापुड़, गौतमबुद्धनगर तदोपरांत गाजियाबाद के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गयी।
बैठक के दौरान सभी जनपदों समस्त जिलास्तरीय अधिकारी से जनपदों में विभिन्न जिला स्तरीय समितियों में सदस्य विधान परिषद् को नामित किये जाने एवं सदस्य विधान परिषद् की भागीदारी का विवरण तथा सदस्य विधान परिषद् के द्वारा दिये गये पत्रों के जवाब देने की स्थिति का विवरण लिया गया। इसके अलावा गृह विभाग से जनपद के क्षेत्रीय सदस्य विधान परिषद् एवं सदस्य विधान सभा को उपलब्ध करायी गयी सुरक्षा के विवरण से अवगत हुए। इसके साथ ही जनपदों के ग्राम्य विकास, लोक निर्माण, सिंचाई खण्ड, पंचायती राज एवं जिला पंचायत, पर्यटन, ऊर्जा, नियोजन, गृह, गन्ना विभाग, उद्यान विभाग, महिला कल्याण, श्रम विभाग, बेसिक शिक्षा, नगर निगम आदि विभागों से वर्ष 2023-24, 2024-25 व 2025-26 तक हुए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की गयी जिसमें विधायक कोटे के अर्न्तगत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं में सदस्य विधान परिषद् की भागीदारी का विवरण, कितनेप्रस्ताव माननीय सदस्य विधान परिषद् व माननीय सदस्य विधान सभा से प्राप्त हुये तथा प्राप्त प्रस्तावों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा की गयी कार्यवाही का विवरण सहित प्रगति के बारे में अवगत हुए।
सभापति महोदय ने निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों द्वारा प्रेषित प्रस्तावों की स्वीकृति/अस्वीकृति संबंधी पूर्ण जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधि/सदस्य को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। यदि किसी प्रस्ताव की स्वीकृति हेतु संबंधित जनप्रतिनिधि की उपस्थिति अथवा सहयोग अपेक्षित हो, तो उनसे आवश्यकतानुसार संपर्क स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रस्ताव स्वीकृत होने के उपरांत संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाए तथा कार्यों की प्रगति से संबंधित जनप्रतिनिधि/सदस्य को समय-समय पर अवगत कराया जाए। इसके अतिरिक्त, उद्घाटन कार्यक्रमों एवं संचालित योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को लाभान्वित किए जाने के अवसर पर स्थानीय व संबंधित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए तथा शिलापट्टों पर जनप्रतिनिधियों/समिति सदस्यों के नाम भी अंकित कराए जाएं।
सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को हर पात्र को लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाएं। उक्त योजनाओं के प्रचार—प्रसार हेतु जिला स्तरीय उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग प्राप्त किया जाए, जिससे प्रत्येक व्यक्ति योजनाओं के प्रति जागरूक हो सके और अधिक से अधिक लोगों को लाभ प्राप्त हो सके। सभापति ने कहा कि विकास कार्यों को और तीव्र गति से कराया जाये। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक अनिवार्य रूप से पहुँचायें। विभागवार दिये गये निदेर्शों का अनुपालन शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाये तथा अनुपालन आख्या से समिति को अवगत कराया जाये। सभापति ने बैठक के समापन के दौरान कहा कि बैठक अत्यंत सफल रही तथा अधिकारियों द्वारा सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत किए गए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि सभापति एवं समिति द्वारा दिए गए आदेशों का पूर्ण पालन करते हुए समिति को अवगत कराया जायेगा। साथ ही उन्होंने समिति एवं अधिकारियों को बैठक को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु धन्यवाद प्रेषित किया। बैठक में हापुड़, गौतमबुद्ध नगर एवं गाजियाबाद के सम्बंधित विभागों के विभागाध्यक्ष/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

