मधुबन बापूधाम में विकसित होगा आधुनिक ओपेन एयर थियेटर, सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा नया मंच

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में आधुनिक एवं जनोपयोगी सुविधाओं के विकास की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 09.05.2026 को मधुबन बापूधाम योजना के इण्डस्ट्रियल पॉकेट स्थित शहीद स्मारक पार्क में ओपेन एयर थियेटर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जी0डी0ए0 उपाध्यक्ष के निर्देशन मे प्राधिकरण की अभियंत्रण जोन-3 के अधिशाषी अभियंता व टीम, राष्ट्रीय सैनिक संस्था के अध्यक्ष कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी, संस्था के सदस्यगण एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह ओपेन एयर थियेटर क्षेत्रवासियों के लिए सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक खुला मंच उपलब्ध होगा, जहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, संगीत संध्या, कवि सम्मेलन, योग शिविर, देशभक्ति कार्यक्रम तथा जन-जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा सकेगा। यह पहल विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का अवसर प्रदान करेगी। साथ ही, सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक समरसता को भी नई मजबूती मिलेगी। क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होने के साथ-साथ नागरिकों को मनोरंजन एवं सामाजिक आयोजनों के बेहतर अवसर स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचनाओं का विकास करना ही नहीं, बल्कि ऐसे सार्वजनिक स्थलों का निर्माण करना भी है जो सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन को समृद्ध बनाएं। यह ओपेन एयर थियेटर भविष्य में मधुबन बापूधाम क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण पहचान के रूप में स्थापित होगा तथा स्थानीय नागरिकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *