गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित एसजी शिखर हाइट सोसाइटी के निवासियों में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर भारी रोष व्याप्त है। बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे लगातार हो रही बिजली ट्रिपिंग और कटौती से परेशान निवासियों ने सामूहिक रूप से संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। करीब 670 फ्लैटों वाली इस हाई-राइज सोसाइटी में लगभग 70 प्रतिशत परिवार निवास कर रहे हैं, लेकिन यहां की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। निवासियों का आरोप है कि दिनभर में 10 से 12 बार बिजली ट्रिपिंग होना आम बात बन चुकी है। आसपास की अन्य सोसाइटियों में बिजली आपूर्ति सामान्य रहने के बावजूद केवल एसजी शिखर हाइट के निवासी लगातार समस्या झेल रहे हैं। निवासियों ने आरोप लगाया है कि सोसाइटी के बिल्डर SG Estates & Perigee Infratech Pvt. Ltd. तथा मेंटेनेंस प्रबंधन को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली बाधित रहने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार वोल्टेज फ्लक्चुएशन के कारण एसी, फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन सहित कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं। निवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सोसाइटी की आंतरिक बिजली व्यवस्था और लोड प्रबंधन पूरी तरह विफल है। उनका कहना है कि अत्यधिक लोड के कारण शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी बड़ी दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। इसके अलावा, बिजली कटौती के चलते ओटिस लिफ्ट्स बार-बार बीच में बंद हो रही हैं, जिससे कई बार बच्चे, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक लिफ्ट में फंस चुके हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। सोसाइटी के निवासियों ने यह भी बताया कि केवल बिजली ही नहीं बल्कि कई अन्य गंभीर समस्याएं भी लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनमें ओटिस लिफ्ट्स की लगातार खराबी, पार्किंग व्यवस्था में अनियमितताएं, एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से जुड़ी समस्याएं, सिविल कार्यों में गंभीर खामियां सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही शामिल हैं। निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिल्डर SG Estates & Perigee Infratech Pvt. Ltd. मेंटेनेंस प्रबंधन और संबंधित विभाग केवल आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने मांग की है कि तत्काल संयुक्त तकनीकी जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि समस्या बिजली विभाग की सप्लाई में है या सोसाइटी के आंतरिक इंफ्रास्ट्रक्चर में। सोसाइटीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों एवं प्रबंधन की होगी।

