एनडीआरएफ की 8वीं वाहिनी गाजियाबाद में वृहद पौधारोपण अभियान का आयोजन

गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा 8वीं वाहिनी परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक वृहद पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के महानिदेशक पीयूष आनंद, आईपीएस ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महानिरीक्षक, एनडीआरएफ, एन. एस. बुंदेला, आईपीएस, उप महानिरीक्षक, West Central Zone, मोहसिन शाहेदी, सुदेश कुमार, कमांडेंट, 8वीं वाहिनी सहित बटालियन के समस्त अधिकारी, रेस्क्यूअर्स तथा स्कूली छात्र छात्राएं भी सम्मिलित हुए। 8वीं वाहिनी गाजियाबाद व RRCs में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 2000 फलदार, छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अपने संबोधन में महानिदेशक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की एक वैश्विक आवश्यकता है तथा वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के प्रभाव को कम करने एवं भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से अधिकाधिक पौधारोपण करने एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण हेतु सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं रेस्क्यूअर्स द्वारा पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया गया।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल आपदा प्रबंधन के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी जन-जागरूकता अभियानों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इसी क्रम में आयोजित यह पौधारोपण अभियान सतत विकास एवं पर्यावरणीय संतुलन के प्रति बल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। एक पेड़ – एक जीवन, हरित पर्यावरण – सुरक्षित भविष्य के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *