भूटान में इंदिरापुरम कराटे स्कूल का जलवा 8 स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया

​गाजियाबाद/इंदिरापुरम: भूटान की राजधानी थिम्पू में आयोजित थिम्पू इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इंदिरापुरम कराटे स्कूल के 4 खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अकादमी के चार होनहार खिलाड़ियों ने कुल 8 स्वर्ण पदक जीतकर वैश्विक पटल पर देश और अपने संस्थान का नाम रोशन किया है। ​इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेजबान भूटान सहित भारत, नेपाल और कराटे के जनक देश जापान के शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इंदिरापुरम कराटे स्कूल के मार्शल आर्ट्स चैंपियंस ने व्यक्तिगत काता और कुमिते फाईट दोनों स्पर्धाओं में अपना दबदबा बनाते हुए यह शानदार कामयाबी हासिल की। ​डबल गोल्ड मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाले विजेता खिलाड़ियों के नाम और कैटेगिरी इस प्रकार हैं:

  1. ​अर्षी – अंडर 8 वर्ष बालिका वर्ग
  2. ​वैष्णवी यादव – अंडर 14 वर्ष बालिका वर्ग
  3. ​तुषार यादव – अंडर 16 वर्ष बालक वर्ग
  4. ​आध्या भंडारी – अंडर 18 वर्ष बालिका वर्ग

​इन सभी चारों खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट अनुशासन और बेहतरीन तकनीक का परिचय देते हुए दो-दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। जापान से आए हुए मुख्य अतिथि और कराटे के वर्ल्ड चैंपियन शुतो ताकाशिमा ने सभी विजेता खिलाडियों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया। यह ​अकादमी और देश के लिए ऐतिहासिक क्षण रहा।
इंदिरापुरम कराटे स्कूल के संस्थापक, अध्यक्ष एवं मुख्य कोच पुष्पेन्द्र सिंह रावत ने खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर अपार हर्ष व्यक्त किया और कहा “यह हमारी अकादमी और पूरे देश के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। हमारे चार असाधारण छात्रों ने न केवल भारतीय राष्ट्रीय कराटे टीम में अपनी जगह बनाई, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा भी मनवाया। खिलाड़ियों की इस अद्वितीय सफलता के पीछे उनके अभिभावकों का निरंतर सहयोग, त्याग और अटूट विश्वास है, जिसके लिए मैं सभी माता-पिता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।” खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर कोच नैना रावत और क्षेत्र के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने इंदिरापुरम कराटे स्कूल की टीम और उनके कोच को बधाई संदेश भेजे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *