गाजियाबाद। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में दुर्गावती सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण कार्यक्रम, संस्थागत प्रसव, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार, परिवार कल्याण कार्यक्रम, आयुष्मान भारत योजना, मौसमी एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं एवं चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में संस्थागत प्रसव एवं पूर्ण टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, कुपोषण की रोकथाम तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। सीएमओ डॉ. सचिन चंद्र वैश्य ने जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में कार्यवाहक जिला परियोजना अधिकारी आईसीडीएस एवं समस्त मुख्य चिकित्सा, चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, मण्डल स्तरीय अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से सभी कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

