- संयुक्त शिक्षा निदेशक ने किया जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का निरीक्षण


गाजियाबाद। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद लखनऊ के संयुक्त शिक्षा निदेशक पवन सचान ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गाजियाबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में एक सितंबर से गतिमान उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के तीन दिवसीय ‘समर्थ’ मॉड्यूल प्रशिक्षण को संबोधित किया। अपने संबोधन में उनके द्वारा बताया गया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रधानाध्यापकों को विद्यालय नेतृत्व की नवीन अवधारणाओं, मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण, विभागीय समन्वय, सामुदायिक सहभागिता तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के क्षेत्र में अधिक समर्थ बनाना है।
प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने, तनावपूर्ण परिस्थितियों की पहचान करने तथा विद्यालय में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण निर्मित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, प्रधानाध्यापकों की जिम्मेदारियों एवं नेतृत्वकारी भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्हें विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रेरित किया गया तथा उनका उत्साह वर्धन किया गया। उनके द्वारा जनपद गाजियाबाद में शिक्षक प्रशिक्षण सुचारु रूप से आयोजित करने एवं प्रशिक्षण हेतु आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने की सराहना की गई। साथ ही उनके द्वारा अवगत कराया गया कि डाइट परिसर की रिटेनिंग वॉल के निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है तथा जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। डायट प्राचार्य ज्योति दीक्षित, वरिष्ठ प्रवक्ता पवन कुमार भाटी एवं डाइट प्रवक्ता भी प्रशिक्षण एवं निरीक्षण में उपस्थित रहे।

