- समय पर स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण, टीकाकरण और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का मिला लाभ
गाजियाबाद। मातृत्व का सुख हर महिला के जीवन की सबसे बड़ी खुशियों में से एक होता है, लेकिन कई बार यह सफर कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों से होकर गुजरता है। ऐसी ही प्रेरणादायी कहानी गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र स्थित श्री राम कॉलोनी, बंथला निवासी 31 वर्षीय गर्भवती महिला श्रीमती हेमलता की है। लगातार कठिन गर्भावस्थाओं और संतान संबंधी दुखद अनुभवों के बाद आखिरकार हेमलता के परिवार में उस समय खुशियां लौट आईं, जब उन्होंने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। हेमलता की इस पूरी यात्रा में उनके परिवार के सहयोग के साथ-साथ आंगनवाड़ी कार्यकत्री अंजली कुमारी का निरंतर मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। गृह भ्रमण के दौरान अंजली कुमारी ने हेमलता से नियमित संपर्क बनाए रखा और उन्हें स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, आराम तथा चिकित्सकीय परामर्श के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
कठिन परिस्थितियों के बीच नहीं छोड़ी उम्मीद
हेमलता के परिवार के अनुसार, उन्हें पहले से ही एक स्वास्थ्य संबंधी समस्या थी, जिसे परिवार द्वारा ह्लमसान रोग/शरीर सूखने वाला रोगह्व बताया गया। उनकी पहली संतान बेटी थी, जिसकी जन्म के बाद तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। इसके बाद परिस्थितियों के बीच उनका दूसरा विवाह हुआ और एक बेटे का जन्म हुआ, लेकिन वह भी स्वस्थ नहीं रह सका।
लगातार इन दुखद घटनाओं के बाद हेमलता तीसरी बार गर्भवती हुईं। गर्भावस्था के लगभग पांचवें महीने में गर्भ में ही बच्चे की मृत्यु हो गई। इन घटनाओं ने हेमलता और उनके परिवार को गहरे दु:ख में डाल दिया।
चौथी गर्भावस्था में परिवार ने बढ़ाया हौसला
चौथी बार गर्भवती होने पर परिवार ने हेमलता की विशेष देखभाल करने का निर्णय लिया। परिवार की ओर से उन्हें समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, चिकित्सकीय सलाह का पालन करने, पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और पर्याप्त आराम देने पर विशेष ध्यान दिया गया। आंगनवाड़ी कार्यकत्री अंजली कुमारी ने भी नियमित गृह भ्रमण कर हेमलता का हाल जाना तथा उन्हें गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में समझाया। हेमलता ने गर्भावस्था के दौरान सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक जांच एवं उपचार कराया। उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित किया गया। उनका टीकाकरण समय से कराया गया तथा आरसीएच नंबर भी उपलब्ध कराया गया, जिससे गर्भावस्था से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं एवं रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में सहायता मिली।
पोषण और दवा के प्रति किया गया जागरूक
गृह भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्री ने हेमलता को गर्भावस्था में संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया। उन्हें दैनिक भोजन में 10 में से कम से कम 8 खाद्य समूहों को शामिल करने की सलाह दी गई, ताकि गर्भावस्था के दौरान आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति हो सके। परिवार को भी बताया गया कि गर्भवती महिला की देखभाल केवल उसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे परिवार की साझा जिम्मेदारी है। इसके साथ ही हेमलता को स्वास्थ्यकर्मी/चिकित्सक की सलाह के अनुसार आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां नियमित रूप से लेने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि गर्भावस्था के दौरान चिकित्सकीय सलाह और पोषण संबंधी निदेर्शों का नियमित पालन मां और शिशु के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
पर्याप्त आराम और परिवार का मिला सहयोग
पिछली गर्भावस्थाओं के अनुभवों को देखते हुए हेमलता को गर्भावस्था के दौरान पर्याप्त आराम करने, भारी कार्य से बचने तथा घरेलू कार्यों में परिवार के सदस्यों से सहयोग लेने की सलाह दी गई। परिवार ने भी इस सलाह को गंभीरता से लिया और हेमलता को आवश्यक सहयोग एवं देखभाल प्रदान की।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिली आर्थिक मदद
आंगनवाड़ी कार्यकत्री अंजली कुमारी ने हेमलता को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (ढटटश्) की जानकारी दी तथा उनका आवेदन भरवाने में सहयोग किया। योजना के अंतर्गत हेमलता को ?3,000 की सहायता राशि प्राप्त हुई। इस आर्थिक सहायता से परिवार को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली।
स्वस्थ बच्चे के जन्म से परिवार में लौटी खुशियां
लगातार चार गर्भावस्थाओं के कठिन अनुभवों के बाद आखिरकार हेमलता और उनके परिवार के लिए खुशियों का वह पल आया, जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। हेमलता ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। नवजात के स्वस्थ होने से परिवार में खुशी का माहौल है। हेमलता की कहानी यह संदेश देती है कि गर्भावस्था के दौरान समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का उपयोग, नियमित जांच, टीकाकरण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आयरन-कैल्शियम का सेवन, पर्याप्त आराम तथा परिवार का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही, आंगनवाड़ी कार्यकत्री द्वारा निरंतर गृह भ्रमण एवं परामर्श भी गर्भवती महिलाओं तक आवश्यक जानकारी और सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
लाभार्थी हेमलता ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
हेमलता ने भावुक होकर कहा कि कठिन परिस्थितियों के बीच उन्हें और उनके परिवार को सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं से काफी सहयोग मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और सेवाओं से उन्हें समय पर जानकारी एवं सहायता प्राप्त हुई।
उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिल से धन्यवाद देती हूं। मेरे लिए यह खुशी का पल बहुत खास है। कई कठिनाइयों के बाद आज मेरे घर में स्वस्थ बच्चे के रूप में खुशियां आई हैं। आंगनवाड़ी कार्यकत्री अंजली कुमारी और मेरे परिवार ने गर्भावस्था के दौरान मेरा बहुत साथ दिया। मैं सरकार की योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करती हूं। हेमलता के परिवार ने भी आंगनवाड़ी कार्यकत्री अंजली कुमारी के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। परिवार का कहना है कि कठिन समय में मिली सही जानकारी, स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ और निरंतर सहयोग उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा।
हेमलता की यह कहानी कठिनाइयों के बीच उम्मीद, परिवार के सहयोग और सरकारी स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं से जुड़कर बेहतर मातृ-शिशु स्वास्थ्य की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। हेमलता एवं उनके परिवार को स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।

