सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा कार्यालय पर हुई बैठक, जन-जन तक पहुंचने का लिया संकल्प

  • 2027 के चुनाव की तैयारियों पर भी दिया गया विशेष जोर
  • पीएम मोदी के जन्मदिवस के मौके पर प्रत्येक बूथ पर जलाए जाएंगे दो सौ दीपक

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर महानगर कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी आयाम प्रमुखों एवं अभियान संयोजकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने सभी आयाम प्रमुखों एवं अभियान संयोजकों को अभियान को गति देने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर महानगर के सभी बूथों पर सेवा कार्य आयोजित करने तथा संध्याकाल में प्रत्येक बूथ पर 200 दीपक प्रज्जवलित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन के सभी स्तरों पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
सेवा संकल्प अभियान के महानगर संयोजक पंकज भारद्वाज तथा सह-संयोजक सचिन डेढ़ा और रिचा भदौरिया ने भी महानगर के सभी बूथों एवं सेक्टरों पर प्रत्येक आयाम की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने और अभियान को गति देने पर जोर दिया। बैठक में महामंत्री गौरव चोपड़ा, प्रदीप चौहान,राम त्यागी, ललित कश्यप, महेंद्र यादव, आशीष चौधरी, रनीता सिंह, विनोद कसाना, मेहताब त्यागी एवं मीडिया प्रभारी नीरज शर्मा सहित भाजपा महानगर के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *