गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए तथा उनके शीघ्र निस्तारण की अपेक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान विशेष रूप से भूमि एवं संपत्ति पर अवैध कब्जा, राजस्व विवाद, भूमि संबंधी धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण की शिकायतें प्राप्त हुई और सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं से लाभान्वित किये जाने हेतु निवेदन किया गया। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं में पात्र लोगों को अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाएं।
जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनजागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन को शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभप्रद एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी एक योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करता है, तो संबंधित अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि वह व्यक्ति अन्य संचालित योजनाओं के लिए पात्र है अथवा नहीं। पात्रता होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करें। साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

