- लोनी बार्डर पुलिस व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मारा छापा, एक गिरफ्तार



गाजियाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व लोनी बार्डर पुलिस ने घटिया को बढ़िया काली मिर्चा बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। दोनों विभागों की संयुक्त कार्रवाई में मौके पर लगभग 13 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। सूचना विभाग गाजियाबाद द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति में बताया गया है कि लोनी बॉर्डर पुलिस व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने जब लोनी के केहर फार्म हाउस, सेवाधाम, बेहटा हाजीपुर में छापा मारा तो वहां घटिया स्तर की काली मिर्च को गोंद, मैदा , रिफाइन्ड तेल की मदद से अच्छी गुणवत्ता की दिखने वाली काली मिर्च तैयार करने का कारखाना चलाया जा रहा था। टीम ने कारोबारी बुद्धविहार दिल्ली निवासी लोकेश गुप्ता को गिरफ्तार कर मौके से 3000 किग्रा. मैदा, 900 किग्रा गोंद,
( काली मिर्च कच्चा माल, छोटे दाने) 1200 किग्रा, काली मिर्च 975 किग्रा (तैयार माल, बड़े चमकदार दाने), रिफाइन्ड सोयाबीन तेल (चमक बढ़ाने के लिए) 37 टिन प्रत्येक 15 किग्रा बरामद किया है। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 13,34,000 ( तेरह लाख चौंतीस हजार) बताया गया है। बताया गया है कि यह कारखाना काफी समय से संचालित किया जा रहा था। मार्केट में घटिया काली मिर्च की कई खेप उतार दी गई थीं। शिकायत मिलने के बाद टीम ने उक्त कार्रवाई की। लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कई और ऐसे ही खादय पदार्थों के कारखाने भी टीम के रडार पर बताए जा रहे हैं।

