- शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन बना ग्रामीणों के जीवन को सुगम बनाने का आधार
- खेल मैदान में ओपन जिम की स्थापना, कोडियो तालाब स्थानीय आस्था का प्रमुख केंद्र



गाजियाबाद। विकास खंड भोजपुर की ग्राम पंचायत भटजन पलौता में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन से ग्रामीण विकास को नई गति मिली है। ग्राम पंचायत द्वारा जनसुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, जल संरक्षण, शिक्षा, पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं और छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहर अथवा सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है।
ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक के माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, पेंशन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड, पैन कार्ड सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का ग्राम सभाओं, जनचौपालों एवं सूचना पटों के माध्यम से नियमित प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्राप्त अनुदान से डिजिटल पुस्तकालय का निर्माण कराया गया है, जो विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी अध्ययन केंद्र बन रहा है। ग्राम में सामुदायिक शौचालय, पेयजल टंकी, नियमित सफाई तथा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था संचालित की जा रही है। कूड़ा संग्रहण से स्वच्छता के साथ पंचायत की स्वयं की आय में भी वृद्धि हो रही है।
अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत तालाबों का जीर्णोद्धार तथा तालाबों में गंदे पानी के प्रवेश को रोकने के लिए फिल्टर चैंबर का निर्माण कराया गया है। ग्राम का कोडियो तालाब स्थानीय आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रत्येक रविवार को दूर-दराज से लोग पहुंचते हैं और मेले जैसा वातावरण देखने को मिलता है। ग्राम को हरित बनाने के लिए वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ग्रामीणों एवं युवाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र पंचायत के सहयोग से खेल मैदान में ओपन जिम की स्थापना की गई है। नियमित सफाई व्यवस्था के तहत निर्धारित रोस्टर के अनुसार सड़कों एवं नालियों की सफाई कराई जा रही है।
ग्राम पंचायत भटजन पलौता में किए जा रहे विकास कार्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाते हैं। ग्रामीणों ने गांव में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का धन्यवाद किया है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन एवं प्रशासन के सहयोग से गांव में सुविधाओं का विस्तार हुआ है और उनका जीवन अधिक सुगम हुआ है। ग्राम पंचायत भटजन पलौता की यह विकास यात्रा ग्रामीण क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार और जनभागीदारी के माध्यम से सतत विकास की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

