Gen-Z के लिए गांधी-शास्त्री जयंती पर निःशुल्क कौशल विकास सेवा प्रकल्प का शुभारंभ

  • गाजियाबाद में मयंक गोयल और नोएडा में नवाब सिंह नागर ने किया शुभारंभ
  • ICIM के सहयोग से स्नातक युवाओं को मिलेगा निःशुल्क ऑनलाइन उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण

गाजियाबाद/नोएडा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर युवाओं को कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत Gen-Z के लिए विशेष निःशुल्क कौशल विकास सेवा प्रकल्प का शुभारंभ किया गया।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा इंडियन काउंसिल ऑफ इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट (ICIM) के सहयोग से संचालित इस पहल का उद्देश्य स्नातक युवाओं को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगारोन्मुख बनाना है।
गाजियाबाद में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने भाजपा महानगर कार्यालय में इस सेवा प्रकल्प का शुभारंभ किया। वहीं नोएडा में भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर ने भी इस अभियान का शुभारंभ किया। श्री नागर वर्तमान में भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष हैं।

मयंक गोयल: कौशल से मजबूत होगी युवा शक्ति

इस अवसर पर मयंक गोयल ने कहा कि देश की युवा शक्ति को शिक्षा के साथ व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख कौशल से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। सेवा का एक सार्थक स्वरूप यह भी है कि हम युवाओं को ऐसे अवसर उपलब्ध कराएं, जो उन्हें कौशलवान, रोजगारोन्मुख और आत्मनिर्भर बनने में सहायता करें।”
उन्होंने कहा कि ICIM के सहयोग से शुरू किया गया यह कार्यक्रम Gen-Z को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार करने और उनके लिए रोजगार के अवसरों का मार्ग प्रशस्त करने का प्रयास है।

नवाब सिंह नागर: युवा शक्ति से ही सशक्त होगा राष्ट्र

नवाब सिंह नागर ने कहा कि युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख कौशल से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। विकसित भारत के निर्माण में हमारे युवाओं का कौशल, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का यह सेवा प्रकल्प शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी कम करने की दिशा में उपयोगी प्रयास है।”
उन्होंने युवाओं से इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि डिग्री के साथ कौशल और कौशल के साथ रोजगार के अवसर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हो सकते हैं।

सत्येन्द्र सिंह: उद्योग और युवाओं के बीच बनेगा ‘Skill Bridge’

इंडियन काउंसिल ऑफ इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट (ICIM) के चेयरमैन श्री सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत किसी भी संकाय से स्नातक युवा प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। कला, वाणिज्य, विज्ञान, प्रबंधन, इंजीनियरिंग, कानून सहित अन्य विषयों के ग्रेजुएट विद्यार्थी इसके लिए पात्र होंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम 100% ऑनलाइन और पूर्णतः निःशुल्क है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले पात्र प्रतिभागियों को ऑनलाइन सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा। श्री सिंह ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल एक सर्टिफिकेट देना नहीं, बल्कि Industry और Youth के बीच एक मजबूत ‘Skill Bridge’ तैयार करना है। इससे उद्योगों को प्रशिक्षित एवं रोजगारोन्मुख युवा मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार एवं करियर के बेहतर अवसर विकसित होंगे।”

QR Code से होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

कार्यक्रम में भाग लेने के लिए युवाओं को किसी कार्यालय या प्रशिक्षण केंद्र पर जाने की आवश्यकता नहीं है। पात्र स्नातक युवा अभियान के QR Code को स्कैन करके ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। ICIM की वेबसाइट के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

ICIM ऑनलाइन पंजीकरण एवं जानकारी⁠

अभियान में 100% ऑनलाइन प्रशिक्षण, निःशुल्क चयनित कौशल विकास पाठ्यक्रम, Industry-Oriented Training और ऑनलाइन प्रमाणपत्र की व्यवस्था रखी गई है। इसका मूल संदेश है—“युवा शक्ति से राष्ट्र शक्ति” तथा “डिग्री के साथ कौशल, कौशल के साथ रोजगार और रोजगार के साथ आत्मनिर्भरता।” ‘आज कौशल—कल अवसर’ की अवधारणा के साथ यह सेवा प्रकल्प युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल से जोड़ते हुए कुशल युवा • रोजगारोन्मुख युवा • आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
इस अवसर पर पंकज भारद्वाज , गौरव चोपड़ा , प्रदीप बाल्मीकि , सचिन डेढ़ा, अनिल साँवरिया , भानु सिसोदिया , मेहताब त्यागी इत्यादि उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *