- पांच वर्षों से परिवार सहित कर रहे अन्न सेवा, श्रीमहन्त नारायण गिरि महाराज से लिया आशीर्वाद
- प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक श्याम पार्क मेट्रो स्टेशन के निकट करते हैं भोजन वितरण सेवा
गाजियाबाद। राजेंद्र नगर, साहिबाबाद स्थित श्याम पार्क मेट्रो स्टेशन के पास पिछले लगभग पांच वर्षों से मात्र 1 रुपए में जरूरतमंदों को भरपेट भोजन कराने वाली श्री श्याम रसोई के संचालक गोपाल शर्मा सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर, गाजियाबाद पहुंचे।
गोपाल शर्मा ने सर्वप्रथम भगवान श्री दूधेश्वर नाथ महादेव का विधि-विधान से पूजन एवं दर्शन किया। इसके पश्चात उन्होंने मंदिर की पावन गुरु समाधियों पर नमन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर परिसर में संचालित वेद विद्यापीठ के विद्यार्थियों से भी भेंट की और सभी विद्यार्थियों को अपने हाथों से गुलाब जामुन का प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर गोपाल शर्मा ने सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहन्त नारायण गिरि महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने महाराज श्री को अपनी अन्न सेवा के बारे में बताते हुए कहा कि महाराज श्री मुझे ऐसा आशीर्वाद प्रदान करें कि मैं जीवनभर जरूरतमंद और गरीब लोगों का पेट भरता रहूं तथा केवल 1 रुपए में भरपेट भोजन कराने की यह सेवा निरंतर चलती रहे।
श्रीमहन्त नारायण गिरि महाराज ने गोपाल शर्मा के सेवाभाव की सराहना करते हुए उन्हें और उनके पूरे परिवार को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ी मानव सेवा और नारायण सेवा है। जो व्यक्ति निस्वार्थ भाव से किसी भूखे का पेट भरता है, वह वास्तव में ईश्वर की ही सेवा करता है।
महाराज श्री ने कहा कि गोपाल शर्मा एवं उनका पूरा परिवार जिस श्रद्धा और समर्पण से पिछले लगभग पांच वर्षों से जरूरतमंदों को मात्र 1 रुपए में भरपेट भोजन करा रहा है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। भगवान श्री दूधेश्वर नाथ महादेव और श्री श्याम प्रभु उन्हें इस पुण्य कार्य को निरंतर आगे बढ़ाने की शक्ति प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि गोपाल शर्मा पहले संगीत के क्षेत्र से जुड़े हुए थे। कोरोना महामारी के दौरान संगीत से जुड़े कार्यक्रम बंद होने के बाद उन्होंने अपना समय मानव सेवा में समर्पित करने का संकल्प लिया और श्री श्याम रसोई की शुरूआत की। आज उनका पूरा परिवार इस सेवा से जुड़ा हुआ है। परिवार के सदस्य स्वयं घर पर भोजन तैयार करते हैं और प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक श्याम पार्क मेट्रो स्टेशन के निकट मात्र 1 रुपए में जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भरपेट भोजन कराते हैं।
गोपाल शर्मा का संकल्प है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई व्यक्ति भूखा न रहे। श्रीमहन्त नारायण गिरि महाराज ने उनके इस संकल्प की प्रशंसा करते हुए भगवान श्री दूधेश्वर नाथ महादेव से प्रार्थना की कि श्री श्याम रसोई की यह अन्न सेवा निरंतर चलती रहे और अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे।

