- गांव में ही मिल रहीं अनेक सुविधाएं
गाजियाबाद। विकास खंड मुरादनगर की ग्राम पंचायत कुम्हैड़ा ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारते हुए ग्रामीण विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पंचायत में किए गए विकास कार्यों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अनेक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं और छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहर की ओर जाने की आवश्यकता कम हुई है।
ग्राम पंचायत में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का नियमित प्रचार-प्रसार ग्राम सभाओं, जनचौपालों एवं सूचना पटों के माध्यम से किया जाता है। पंचायत सहायक के माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, पेंशन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड, पैन कार्ड सहित विभिन्न सेवाएं ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ग्राम पंचायत में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, आरआरसी सेंटर का संचालन तथा कूड़े की छंटाई की व्यवस्था की गई है। जैविक कचरे से वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार की जा रही है तथा प्लास्टिक एवं पन्नी का निस्तारण कर पंचायत की आय में भी वृद्धि की जा रही है। तालाबों में गंदे पानी के प्रवेश को रोकने के लिए फिल्टर चैंबर बनाए गए हैं तथा सीएसआर के सहयोग से तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया है।
कबाड़ से कला की अभिनव पहल के तहत तालाब की सफाई के दौरान निकली प्लास्टिक एवं पन्नी का उपयोग कर आकर्षक बेंच तैयार कराई गई हैं, जिन्हें तालाब के किनारे स्थापित किया गया है। यह पहल स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नवाचार का उदाहरण बनी है।
युवा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए ग्राम पंचायत में ओपन जिम और डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर, प्रिंटर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिससे गांव के युवाओं को अपने ही गांव में अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय, पेयजल टंकी तथा नियमित सफाई व्यवस्था को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार सड़कों एवं नालियों की नियमित सफाई से गांव में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहायता मिल रही है।
ग्राम पंचायत कुम्हैड़ा में किए गए इन कार्यों से सरकार की योजनाएं—जनता के द्वार की भावना को साकार किया जा रहा है। जनसहभागिता, पारदर्शिता और नवाचार के माध्यम से पंचायत में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।
ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने प्रदेश में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में गांव में विकास कार्यों को गति मिली है और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल रहा है।





