- सेवा संकल्प अभियान के तहत गाजियाबाद में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेवा ज्योति कलश प्रज्जवलित कर सेवा ज्योति कलश यात्रा का किया शुभारंभ
- रामलीला मैदान में हजारों लोगों ने एकाग्रता से सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन
- प्रधानमंत्री मोदी ने एक दिन भी काम करना नहीं रोका : राजनाथ सिंह
- प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव से की देश की सेवा
- राजनीति देश निर्माण का माध्यम भी हो सकती है, यह मोदी ने साबित किया
- आज दुनिया गंभीरता से सुनती है भारत की बात, जानना चाहती है देश का रुख
- मोदी ने कभी यह नहीं सोचा कि दुनिया नाराज होगी या नहीं, उनका लक्ष्य देश को आगे बढ़ाना रहा
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं देश सेवा जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के पहुंचने पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा बैंड वादन के माध्यम से उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत मंच पर पहुंचने पर माननीय रक्षा मंत्री ने उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। मंचासीन अतिथिगण द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना गया। प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन एवं उनकी कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि देश का निर्माण करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ देश की सेवा की है और यह साबित किया है कि राजनीति देश निर्माण का माध्यम भी हो सकती है।
प्रधानमंत्री की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि वह नरेंद्र मोदी को वर्ष 2001 से जानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कभी अपने कार्य से विराम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में ऐसा कोई प्रधानमंत्री मिलना कठिन है, जिसने वर्षों तक निरंतर कार्य किया हो और व्यक्तिगत अवकाश की चिंता किए बिना देशसेवा को प्राथमिकता दी हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में अभी तक एक दिन भी अवकाश नहीं लिया और निरंतर देश की सेवा में समर्पित रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव में बड़ा बदलाव आया है। पहले जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी बात रखता था तो उसे उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता था, जितना लिया जाना चाहिए था, लेकिन आज दुनिया भारत की बात को गंभीरता से सुनती है और यह जानना चाहती है कि भारत का रुख क्या है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सामान्य उपलब्धि नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात की चिंता नहीं की कि दुनिया नाराज होगी या नहीं, बल्कि उनका लक्ष्य देश को निरंतर आगे बढ़ाना रहा है। रक्षा मंत्री के संबोधन के उपरांत सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किया गया। इसके पश्चात माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने हाथ में सेवा ज्योति की मशाल लेकर सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह में उत्साह का माहौल रहा तथा बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने यात्रा में सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से माननीय कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष चैनपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रामलीला मैदान में हजारों की संख्या में युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम ने सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ जनभागीदारी का संदेश दिया।



