टीबी उपचार में नियमित दवाओं के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है: डा. ए.के. यादव

  • 100 क्षय रोगियों को पीएसआई इंडिया के सहयोग से वितरित की गई पोषण पोटली

गाजियाबाद। क्षय रोग (टीबी) से ग्रसित मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य एवं शीघ्र स्वस्थ होने के उद्देश्य से आज जिला संयुक्त चिकित्सालय, गाजियाबाद परिसर में पोषण सहायता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पीएसआई इंडिया संस्था के सहयोग से 100 क्षय रोगियों को पोषण सहायता के रूप में पोषण पोटली प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव ने कहा कि क्षय रोग के उपचार में नियमित दवाओं के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पर्याप्त पोषण से मरीजों के शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है तथा उन्हें स्वस्थ होने में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी मरीजों को निर्धारित अवधि तक नियमित रूप से दवाओं का सेवन करने, उपचार बीच में न छोड़ने तथा चिकित्सकों द्वारा दी गई सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टीबी एक उपचार योग्य बीमारी है और समय पर जांच, नियमित उपचार एवं उचित पोषण से इस बीमारी को पूरी तरह हराया जा सकता है। इस अवसर पर पीएसआई इंडिया की ओर से नवीन बंसल के नेतृत्व में राधा शर्मा एवं पवन कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम समन्वयक राघवेंद्र सिंह द्वारा किया गया। वहीं, क्षय रोग विभाग की ओर से श्रीमती सुमन लता यादव एवं नागेंद्र सिंह ने कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें पोषण एवं सामाजिक सहयोग प्रदान करना भी अत्यंत आवश्यक है। सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं समुदाय के सामूहिक प्रयासों से ही टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *