गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में हुआ आयोजन
गाजियाबाद: श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार प्रातः SG शिखर, सिद्धार्थ विहार, गाजियाबाद में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रातः 5 बजे आयोजित इस प्रभात फेरी में सोसाइटी के अनेक निवासियों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने अकाल पुरख का सिमरन करते हुए गुरुबाणी का पाठ एवं कीर्तन किया। ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुबह की शांत और पावन बेला में गुरुबाणी एवं प्रभु सिमरन के साथ दिन की शुरुआत करना सभी के लिए अत्यंत सुखद, आनंददायक एवं आध्यात्मिक अनुभव रहा।
यह प्रभात फेरी 24 नवंबर को मनाए जाने वाले श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों की शुभ शुरुआत है। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी मानवता, समानता, सेवा और भाईचारे की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर आयोजकों ने SG शिखर के सभी निवासियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, एकता, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
आगामी 24 नवंबर का दिन भी विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इस दिन कार्तिक पूर्णिमा के साथ मंगलवार होने के कारण भक्तों के लिए यह अवसर और भी मंगलमय रहेगा।




