गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित एसजी शिखर हाईट में देवउठनी एकादशी के अवसर पर शिव शरणम् मंदिर समिति की ओर से तुलसी विवाह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम जी का विवाह पूरे विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर माता तुलसी को सुंदर दुल्हन की तरह सजाया गया, वहीं भगवान शालिग्राम जी का श्रृंगार दूल्हे के रूप में किया गया। भगवान शालिग्राम की भव्य बारात बैंड-बाजे और संगीत के साथ निकाली गई, जिसमें सोसाइटी के निवासियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। सभी ने मिल-जुलकर विवाह की रस्मों में सहभागिता की। भजन, संगीत और मंगल गीतों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय हो गया।
शिव शरणम् मंदिर समिति के इस आयोजन में सोसाइटी के निवासियों का उत्साह और सहयोग सराहनीय रहा। सभी श्रद्धालुओं ने इस पावन अवसर पर विवाह समारोह में सम्मिलित होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।





