सहारनपुर से दिल्ली ले जाए जा रहे 60 चिड़ियां, 14 तोते और बाज बरामद

  • वन्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई, उल्लू के पंजे भी बरामद

गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने वन्यजीव तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक तस्कर को दबोचा है। उसके कब्जे से 60 चिड़ियां, 14 तोते, एक बाज और उल्लू के पंजे बरामद किए गए हैं।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आरोपी सहारनपुर से इन पक्षियों और वन्यजीव अवशेषों को अवैध रूप से दिल्ली ले जा रहा था। आशंका है कि इनका इस्तेमाल अवैध बिक्री और तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों में किया जाना था। टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लिंक रोड इलाके से होकर दुर्लभ पक्षियों की तस्करी करने वाला है, जिसके बाद तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। बरामद किए गए सभी पक्षियों को सुरक्षित वन विभाग की निगरानी में रखा गया है। विशेषज्ञों की टीम द्वारा उनकी स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है, जिसके बाद उन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीवों की तस्करी या अवैध व्यापार की सूचना मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *