- हर संभव मदद का दिया भरोसा, कार्यकर्ताओं ने बांटे फल, भोजन, पानी व कपड़े
गाजियाबाद। इन्दिरापुरम क्षेत्र के कनावनी में हुई सैकड़ों झुग्गियों में आग लगने की घटना को लेकर शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ितों के आंसू पौंछने के लिए पहुंचे। उनके साथ जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव भी थे। मौके पर पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने देखा कि लोगों को अग्निकांड में सबकुछ बर्बाद हो गया। बहुत से पीड़ित लोगों के तन पर पहननने के लिए कपड़े भी नहीं थे। खाना बनाने के लिए चूल्हा बर्तन नहीं है और रोजमर्रा की दैनिक क्रिया के लिए कोई भी साधन नहीं था। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नगर निगम गाजियाबाद एवं जिला प्रशासन के द्वारा किसी प्रकार की कोई सुविधा 24 घंटे बाद तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। प्रभावित लोग पीने के पानी के लिए भी तरसते दिखाई दिए। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस आपके साथ हमेशा खड़ी है जो भी सहयोग हमसे बन पाएगा हम लोग करेंगे और शासन प्रशासन से भी मदद के लिए दबाव बनाया जाएगा। गरीब, मजदूर, मजलूम, महिलाओं, बच्चों व अन्य लोगों की हर संभव मदद की जाएगी। जिला अध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से अपनी अपनी कमेटियों के साथ प्रभावित हुए मजदूरों को बच्चों को पानी, फल, भोजन, बिस्कुट, नमकीन, बर्तन व कुछ कपड़े प्रभावित लोगों में वितरित किए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शासन-प्रशासन से मांग की जाती है कि जिन लोगों की झुग्गी झोपड़ी जल गई हैं उन्हें मकान दिलाए जाएं। इस दौरान डॉक्टर संजीव शर्मा, लोकेश चौधरी, सुरेंद्र शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता, हाजी खुर्शीद अली, रिजवान मलिक, रूबी, मलिक, डोली त्यागी, तरुण शर्मा, अनवर कुरैशी, अजय शर्मा, रवि शंकर सूर्य, सुनील शर्मा, अमित शर्मा, दिनेश मेहता, अजीज आदि मौजूद रहे।

