गाजियाबाद। कुदरत NGO एवं साइंस गुरु शिवम के संयुक्त प्रयास से पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय, कविनगर में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) के अवसर पर एक रोचक, ज्ञानवर्धक एवं संवादात्मक विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की थीम “सब पढ़ें, सब बढ़ें — हर बच्चे तक शिक्षा, हर मन में जिज्ञासा!” रही, जिसका उद्देश्य शिक्षा, वैज्ञानिक सोच एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती विनीता त्यागी (SRG) ने अभिभावकों को HPC (Holistic Progress Card) / समग्र प्रगति पत्र (प्रगति पत्र) के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों को इसकी महत्ता, उद्देश्य एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका से अवगत कराया। कार्यशाला में साइंस गुरु शिवम ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के समक्ष कई आकर्षक एवं रोचक विज्ञान प्रयोगों का प्रदर्शन किया। इन प्रयोगों के माध्यम से उन्होंने विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को सरल, मनोरंजक और व्यावहारिक तरीके से समझाया। विशेष रूप से अम्ल एवं क्षार (Acid-Base Reaction) की अभिक्रिया द्वारा रंगों के गायब होने का प्रयोग बच्चों के लिए बेहद रोमांचक रहा। इसके अतिरिक्त कई अन्य रोचक प्रयोगों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित किया। बच्चों ने प्रयोगों को उत्सुकता से देखा और उनमें सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदीप कुमार पांडे, परियोजना निदेशक, ग्राम विकास संस्थान ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को PTM एवं उससे संबंधित उपयोगी जानकारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को HPC कार्ड (समग्र प्रगति पत्र) भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार ने प्रदीप कुमार पांडे तथा कुदरत NGO एवं साइंस गुरु की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं सीखने की रुचि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यशाला का सत्र बेहद रोचक, संवादात्मक एवं मनोरंजक रहा। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विज्ञान को नए और मज़ेदार तरीकों से समझने का आनंद लिया। बच्चों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस आयोजन को और भी विशेष बना दिया। यह पहल सीखने, जिज्ञासा और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही। कुदरत NGO × साइंस गुरु शिवम “सब पढ़ें, सब बढ़ें — हर बच्चे तक शिक्षा, हर मन में जिज्ञासा!





