आनन्द मार्ग प्रचारक संघ ने किया नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

नोएडा। गरीब, असहाय एवं वंचित परिवारों के कल्याण हेतु आनन्द मार्ग प्रचारक संघ नोएडा के तत्वावधान में आरओआरएक्स हेल्थकेयर नोएडा एवं रिवाइव डेंटल केयर नोएडा के सहयोग से एक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर -आभा सेवा सदन का आयोजन सेक्टर-150 नोएडा में किया गया । यह शिविर मजदूर बस्ती, अंतरिक्ष विला, सेक्टर 150, नोएडा में डॉक्टरों की एक अनुभवी टीम जिनमें डॉ अमन रोर, जनरल फिजिशियन एवं बाल रोग, डॉ. शिबा रोर, स्त्री-रोग विशेषज्ञ एवं डॉ. गरिमा रंजन, दंत्य शल्य चिकित्सक की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस शिविर का उद्देश्य समाज के उन वर्गों तक बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना था जो आर्थिक तंगी या सामाजिक परिस्थितियों के कारण उचित चिकित्सा सुविधा से वंचित हैं। शिविर में नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श, प्राथमिक उपचार, रोग जाँच, बीपी/शुगर जाँच, ईसीजी जाँच, आवश्यक दवाइयाँ वितरण, दंत परीक्षण, एक्स रे एवं दाँत निकलने के अलावा स्वास्थ्य व स्वच्छता संबंधी जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया गया।
डॉक्टरों और स्वयंसेवकों की एक समर्पित टीम ने 80 मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अन्त में प्रवीर कुमार, प्रवक्ता आनन्द मार्ग प्रचारक संघ नोएडा ने सभी डॉक्टरों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके समर्पण और सहयोग से यह सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। टीम के अन्य लोगों में मुख्यता हितेश, यशोदा,चारू, तुषार उपस्थित रहे ।
प्रवीर कुमार ने बताया कि आनन्द मार्ग प्रचारक संघ एक सामाजिक-आध्यात्मिक संस्था है जो विश्वभर में सक्रिय है और मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है की भावना से प्रेरित होकर सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है।
उन्होंने बताया कि आनन्द मार्ग प्रचारक संघ विश्व के अनेक देशों में प्राकृतिक आपदाओं—जैसे बाढ़, भूकंप, सूखा आदि—के दौरान तुरंत राहत कार्य करता है तथा गरीब और जरूरतमंदों के लिए सहायता, भोजन, शिक्षा एवं अनाथालय जैसी सेवाएँ भी संचालित करता है। उन्होंने बताया कि नोएडा के सेक्टर 150 में संघ द्वारा आनन्द मार्ग पीपुल्स डे स्कूल संचालित किया जा रहा है, जहाँ अत्यंत गरीब परिवारों के 105 से अधिक बच्चों को पूर्णत: नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है। विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु नैतिक शिक्षा, योग, खेलकूद एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। सभी बच्चों को पठन-सामग्री, अल्पाहार, नया वस्त्र एवं आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा वर्तमान में नोएडा के गरीब मजदूर बस्ती और असहाय लोगों के बीच प्रत्येक महीने में दो बार भरपेट भोजन वितरण का कार्यक्रम भी संचालित हो रहा है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *