विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के विशेष अभियान के तहत जिलाधिकारी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

  • मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिकों को किया जागरूक, चाय पर चर्चा के दौरान मतदाता बनने के महत्व एवं अधिकारों की दी जानकारी
  • ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड कर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें: रविंद्र कुमार मॉंदड़

गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के अंतर्गत 28 एवं 29 नवंबर को जनपद में संचालित विशेष अभियान के तहत आज जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ से ली कार्यों की जानकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने डॉ. संतोष सरस्वती विद्या मंदिर एवं सेंट पॉल एकेडमी सहित राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों से विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, अपात्र एवं मृतक मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की त्रुटियों को दूर करने के संबंध में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

चाय पर चर्चा के माध्यम से नागरिकों को किया जागरूक

निरीक्षण के उपरांत सेंट्रल पार्क, सेक्टर-6, राजनगर के सामने जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों एवं मीडिया बंधुओं के साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं की भूमिका एवं उनके अधिकारों तथा जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा अपने परिवार, आसपास के लोगों एवं युवाओं को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।

फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के उपयोग की दी जानकारी

जिलाधिकारी ने नागरिकों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि फॉर्म-6 का उपयोग मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने, फॉर्म-7 का उपयोग मतदाता सूची में दर्ज नाम पर आपत्ति दर्ज कराने अथवा नियमानुसार नाम विलोपन के लिए तथा फॉर्म-8 का उपयोग मतदाता सूची में दर्ज नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन तथा मतदाता पहचान पत्र से संबंधित आवश्यक सुधार के लिए किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की।

जनपद की सभी विधानसभाओं में अधिकारियों ने किया निरीक्षण

निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। मोदीनगर की उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती कोमल पंवार ने भी विशेष अभियान के अंतर्गत अपने क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित बीएलओ एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ईसीआई नेट ऐप अवश्य डाउनलोड करें, मतदाता सूची में जांचें अपना नाम

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष अभियान के दौरान अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन करें। इसी प्रकार, मतदाता सूची में दर्ज नाम अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक घर बैठे भी मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। इसके लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950, मतदाता हेल्पलाइन वेबसाइट, ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर भी मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण सत्यापित कर सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जांचने तथा आवश्यकतानुसार पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *