आरकेजीआईटी में डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का भव्य समापन

गाजियाबाद, राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RKGIT), गाजियाबाद में आयोजित दो दिवसीय डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 (गाजियाबाद जोन) का समापन उत्साह एवं खेल भावना के साथ हुआ। इस खेल महोत्सव में लगभग 20 महाविद्यालयों के 1,200 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया।विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन एवं मूल्यांकन के लिए अन्य महाविद्यालयों से खेल अधिकारी एवं निर्णायक आमंत्रित किए गए थे।
20 नवंबर को आयोजित समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री ए. अनीता चानू, डिप्टी कमांडेंट, CRPF एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सुश्री गीता रानी, इंस्पेक्टर, CRPF एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात सुश्री गीता रानी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को खेलों के प्रति समर्पण, निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन का महत्व बताया। मुख्य अतिथि सुश्री ए. अनीता चानू ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने, मेहनत करने और खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। सुश्री ए. अनीता चानू ने कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियनशिप तथा SAF Games में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। वहीं, सुश्री गीता रानी ने वर्ष 2006 के मेलबर्न कॉमनवेल्थ गेम्स में भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्हें महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह रहा, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन एवं टीम भावना से सभी को प्रभावित किया।प्रतियोगिताओं के समग्र परिणामों के आधार पर जोनल चैंपियन का खिताब RKGIT महाविद्यालय ने प्राप्त किया।शतरंज की महिला वर्ग प्रतियोगिता एवं दौड़ (रेस) ,वॉलीबॉल, खो खो बॉयज, हाई जंप बॉयज ,लॉन्ग जंप महिला ,बास्केटबॉल बॉयज में RKGIT ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त , बैडमिंटन , डिस्कस थ्रो, कबड्डी प्रतियोगिताओं में भी RKGIT का विजयी प्रदर्शन किया।
खेल महोत्सव के अंतर्गत टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, ग्रुप एडवाइजर, डॉ. डी.के. चौहान, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, डॉ. बी.सी. शर्मा, निदेशक, श्री एच.जी. गर्ग, डीन स्टूडेंट वेलफेयर एवं श्री आलोक त्यागी, जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट कोऑर्डिनेटर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।संस्थान के प्रतिनिधियों ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सहयोग की भावना विकसित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *