जनपद में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती, पांचों विधानसभा क्षेत्रों में हुआ रामायण पाठ

  • जिला प्रशासन एवं नगर निकायों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर आयोजित हुए धार्मिक कार्यक्रम

गाजियाबाद। जनपद में महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनपद के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के दौरान श्रीरामचरितमानस एवं रामायण पाठ का आयोजन कर महर्षि वाल्मीकि के जीवन, आदर्शों और उनके अमूल्य योगदान को याद किया गया।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में जिला प्रशासन एवं नगर निकायों ने प्रतिभाग किया और आयोजन में सहयोग प्रदान किया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कई जगह रैलियां, झांकियां एवं सास्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गए।
महर्षि वाल्मीकि को रामायण के रचयिता के रूप में जाना जाता है। उनकी रचनाएं भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, मर्यादा और आदर्श जीवन की प्रेरणा देती हैं। जयंती के अवसर पर उनके विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। जनपद के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक आस्था का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन एवं नगर निकायों के सहयोग से कार्यक्रमों का आयोजन संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *