

गाजियाबाद। सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल में वार्षिक खेल दिवस 2026-27 का आयोजन अत्यंत उत्साह, ऊर्जा एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय बैंड की सुमधुर धुनों एवं आकर्षक प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने समूचे वातावरण को उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाने हेतु विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सुभाष जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (क्रिएटिव एवं एक्सपीरिएंशियल प्रोग्राम्स) मोनिका जैन, डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन एवं स्कूल मैनेजर प्रणव जैन तथा प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
खेल दिवस का औपचारिक शुभारंभ खेल मशाल प्रज्जवलन के साथ किया गया, जो एकता, उत्साह और उत्कृष्टता की निरंतर खोज का प्रतीक है। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम को राष्ट्रप्रेम की भावना से अभिसिंचित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न ड्रिल गतिविधियाँ—योग, स्केटिंग, फुटबॉल, बास्केटबॉल, तीरंदाजी तथा ताइक्वांडो—ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की अनुशासन, समन्वय, लय, शक्ति एवं कौशल का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
तत्पश्चात खेल भावना को सुदृढ़ करने हेतु सभी प्रतिभागियों ने खेल शपथ ग्रहण कर निष्पक्षता, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का संकल्प लिया। विद्यालय के आदरणीय चेयरमैन, डॉ. सुभाष जैन ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से सीखे गए मूल्य उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने में सहायक होंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह एवं समर्पण के लिए बधाई दी। डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन एवं स्कूल मैनेजर श्री प्रणव जैन ने सभी प्रतिभागियों के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा शिक्षकों एवं आयोजन टीम के प्रयासों को भी सराहा।
प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी ने अपने संदेश में कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं, जो विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्कॉलर बैज प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके परिश्रम एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
अंतत:, यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता का मंच बना, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व कौशल को विकसित करने का सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ। पूरे कार्यक्रम ने विद्यालय की समग्र शिक्षा, उत्कृष्टता एवं सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित किया।

