
मोदीनगर। गोविंदपुरी क्षेत्र में स्थित निष्काम भवन में चल रहे 15 दिवसीय एहसास समर कैंप में प्रतिदिन शहर के गणमान्य नागरिकों एवं विशिष्ट अतिथियों का आगमन हो रहा है। इसी क्रम में समर कैंप के 12वें दिन क्षेत्र के सांसद डॉक्टर राजकुमार सांगवान ने बच्चों के बीच पहुँचकर उनका उत्साहवर्धन किया। सांसद ने बच्चों के साथ समय बिताया, विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया तथा बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने एहसास महिला समिति द्वारा संचालित इस समर कैंप की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए संस्था की संस्थापक अनुप्रीत कौर को कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, मध्यम वर्गीय एवं समृद्ध परिवारों के बच्चों को एक मंच पर लाकर शिक्षा, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना अपने आप में एक अनुकरणीय पहल है, जो समाज में समरसता और समानता का संदेश देती है।
इस अवसर पर एहसास महिला समिति की ओर से अनुप्रीत कौर उनकी टीम के समस्त सदसयों द्वारा सांसद को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सांसद ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि बच्चों के उज्जवल भविष्य और उनके विकास के लिए वे भी अपने स्तर पर हर संभव सहयोग करने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर निष्काम सेवक जत्था समिति से सरंक्षक धीरज कालरा एवं अध्यक्ष जसमीत सिंह के साथ अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

