
गाजियाबाद। यूपीएचसी हरसांव में आज “यू वी कैन (YouWeCan) फाउंडेशन” द्वारा कैंसर स्क्रीनिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन की विशेष कैंसर स्क्रीनिंग बस केंद्र पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने कैंसर जांच सेवाओं का लाभ उठाया।
यू वी कैन (YouWeCan) फाउंडेशन भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह द्वारा स्थापित संस्था है, जिसका उद्देश्य कैंसर की शीघ्र पहचान (Early Diagnosis), समय पर उपचार (Early Treatment) को बढ़ावा देना तथा भारत को कैंसर-मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करना है।
कार्यक्रम के दौरान 150 से अधिक लाभार्थियों की मौखिक (Oral), गर्भाशय ग्रीवा (Cervical) एवं स्तन (Breast) कैंसर की जांच की गई। जांच के साथ-साथ लोगों को कैंसर के लक्षणों, बचाव एवं समय पर जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
यूपीएचसी हरसांव के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनमोल कुमार के नेतृत्व में केंद्र की पूरी टीम ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। डॉ. कुमार ने कहा कि कैंसर की समय पर पहचान एवं उपचार से इस गंभीर बीमारी से होने वाली मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
यू वी कैन फाउंडेशन की ओर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस टीम का नेतृत्व डॉ. उमंग श्री द्वारा किया गया। टीम में डॉ. अदिति शाह, डॉ. पूजा जोशी, डॉ. ज्योति दत्त, प्रिंसी मिश्रा एवं अंजलि पाठक शामिल रहीं। फाउंडेशन की टीम ने सभी लाभार्थियों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन भी दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए यूपीएचसी हरसांव की टीम एवं यू वी कैन फाउंडेशन के चिकित्सकों को क्षेत्रवासियों द्वारा सराहा गया। यह पहल कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर जांच को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

