गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत सभी वार्डों में स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वार्डों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत रहवासी संघ (आरडब्ल्यूए), होटल, हॉस्पिटल, कार्यालय एवं स्कूलों में भी स्वच्छता की रैंकिंग की जाएगी। शहर के इन सभी संस्थानों एवं क्षेत्रों का निरीक्षण कर विभिन्न मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के प्रमुख मापदंडों में स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था तथा जनभागीदारी शामिल रही। प्रत्येक वार्ड एवं संस्थान को इन मापदंडों पर अंक प्रदान कर रैंकिंग तय की जाऐगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह पहल न केवल स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि नागरिकों, संस्थानों एवं संगठनों को भी अपने क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए प्रेरित करेगी। नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने वार्ड को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श बनाने में सहयोग करें।

