गाजियाबाद। सेंट्रल इलेक्ट्रोनिक्स लिमिटेड (सीईएल), साहिबाबाद ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। गुरुवार को केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सीईएल के अत्याधुनिक 200 एमडब्ल्यूपी सोलर माड्यूल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन कर उसे राष्ट्र को समर्पित किया।
यह संयंत्र समझौते पर हस्ताक्षर होने के एक वर्ष से भी कम समय में पूर्ण रूप से संचालन हेतु तैयार हो गया, जिसमें ट्रायल रन एवं टैस्टिंग सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। यह नई इकाई सीईएल के पूर्व सौर निर्माण संयंत्र की तुलना में लगभग दस गुना बड़ी है तथा संस्थान की त्वरित कार्यक्षमता, सामूहिक प्रयास, सुव्यवस्थित योजना एवं प्रभावी क्रियान्वयन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।
इस अवसर पर सीईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक चेतन प्रकाश जैन ने कहा कि यह 200 एमडब्ल्यूपी सोलर माड्यूल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट अत्यंत कम लागत में स्थापित किया गया है, जो संस्थान की कुशल योजना एवं प्रभावी कार्यान्वयन क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीईएल के लिए स्थिर एवं दीर्घकालिक आय का महत्वपूर्ण स्रोत सिद्ध होगी।
उन्होंने बताया कि संयंत्र के संचालन एवं मार्केटिंग की जिम्मेदारी मल्टी इन्फ्रा को प्रदान की गई है, जिससे सीईएल को प्रतिमाह सुनिश्चित एवं सुदृढ़ आय प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल सीईएल की वित्तीय सुदृढ़ता एवं भविष्य की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने सीईएल की हाल के वर्षों की संस्थागत एवं वित्तीय प्रगति की विशेष सराहना की। पिछले पाँच वर्षों में संस्थान ने अपने समग्र व्यवसायिक प्रदर्शन, लाभप्रदता, आरक्षित निधियों एवं संस्थागत विश्वास में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। सीईएल ने चिंता एवं अनिश्चितता के दौर से निकलकर पुन: विश्वसनीयता एवं विकास के नए चरण में प्रवेश किया है। इस परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सीईएल का डिसइन्वेस्टमेंट की स्थिति से निकलकर मिनी रत्ना कंपनी के रूप में स्थापित होना रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सीईएल अब रिनुएबल एनर्जी एवं स्ट्रैजिक टैक्नोलॉजी में तीव्र गति से विस्तार कर रहा है। संस्थान द्वारा डाटा सेंटर, वर्टिकल एक्सिस वाइंड टरबाइन सिस्टम तथा वेपन सिस्टम/ इलेक्ट्रोनिक वॉरफेयर सेंगमेंट में प्रवेश की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों से सीईएल को उल्लेखनीय बिजनेस ग्रोथ, सबस्टेप्नल टर्नओवर प्राप्त होने की पूर्ण संभावना है। सीईएल ने रिनुऐबल एनर्जी सेक्टर में अपनी उपस्थिति को और सुदृढ़ करते हुए वर्टिकल एक्सिस वाइंड टरबाइन सिस्टम के लिए आवश्यक आरपीएफ भी जारी कर दिया है। इस अवसर पर श्रीमती सरिता कौल, कार्यकारी निदेशक, सत्यम सिंह, महाप्रबंधक, आर.के. गर्ग, कृष्ण वीर सिंह चौधरी (जन संपर्क अधिकारी), अनुपम त्यागी,पंकज खन्ना, भट्टाचार्य, दर्पण तथा साधन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

