गाजियाबाद, केंद्रीय आर्य युवक परिषद एवं पतंजलि योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में राम मनोहर लोहिया पार्क राजेंद्र नगर साहिबाबाद में पावन यज्ञोपवीत संस्कार समारोह श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
आचार्य महेंद्र भाई महामंत्री ने विधिपूर्वक यज्ञ संपन्न कराया। मुख्य यजमान दुर्योधन गोस्वामी रहे। भाई जी कहा कि महिलाओं को भी यज्ञोपवीत धारण करने का पूर्ण वैदिक अधिकार है। महर्षि दयानंद सरस्वती ने महिलाओं को यह अधिकार दिलाया।उन्होंने बताया कि विद्या की देवी सरस्वती, धन की देवी लक्ष्मी और शक्ति की देवी दुर्गा हैं।माताओं के बिना सृष्टि की कल्पना संभव नहीं है, इसलिए यज्ञोपवीत पर माताओं का भी विशेष अधिकार है। वैदिक विद्वान ओमपाल शास्त्री जी ने यज्ञोपवीत के तीन धागों का महत्व बताते हुए कहा कि ये हमें माता,पिता और आचार्य आदि के ऋणों का निरंतर स्मरण कराते हैं। पवन आर्य (पतंजलि राष्ट्रीय प्रभारी) ने यज्ञोपवीत को हमारे कुकृत्यों से रक्षा करने वाला पवित्र संस्कार बताया। सतपाल जी (पतंजलि जिला प्रभारी) ने सभी से यज्ञोपवीत धारण कर धर्म,संस्कार एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मास्टर बिजेंद्र आर्य ने मधुर भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।हीरा प्रसाद ने योग विषय पर सुंदर कविता प्रस्तुत की।
इस अवसर पर निगम पार्षद रामनिवास बंसल,कृष्ण कुमार आर्य (मंत्री आर्य केंद्रीय सभा), प्रमोद चौधरी,देवेंद्र आर्य,राजबीर (सहप्रभारी पतंजलि),सुखराम आर्य(प्रभारी दिल्ली), तथा श्रीमती कविता राठी सहित अनेक गणमान्यजनों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य रूप से वीरेंद्र राठी, रामगोपाल (योग शिक्षक), श्याम सिंह,अजीत सिंह (योग शिक्षक), फेरू सिंह,देवेंद्र चौहान,मदन लाल,के. पी. सिंह,मुकेश सैनी, श्रीमती ममता गुप्ता,प्रेम देवी, रेखा आर्य,अमिता आर्य सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कुशल संचालन राजकुमार आर्य ने किया। सुरेश आर्य ने भावी कार्यक्रमों की सूचना देते हुए शांति पाठ कराया।

