जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु जनपद में व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

गाजियाबाद। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) / जिला जनगणना अधिकारी, गाजियाबाद सौरभ भट्ट द्वारा अवगत कराया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु जनपद में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में विगत दिनांक 22 अप्रैल 2026 को जनपद की विभिन्न तहसीलों, नगर निकायों एवं नगर निगम जोनों में नियुक्त प्रगणकों (Enumerators) एवं सुपरवाइजरों को बैचवार तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जनगणना कार्य हेतु जनपद में कुल 10,018 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों (रिजर्व सहित) की नियुक्ति की गई है, जिन्हें चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
22 अप्रैल 2026 को प्रशिक्षण कार्यक्रम तहसील लोनी, सदर, मोदीनगर तथा नगर निगम गाजियाबाद के सिटी जोन, विजयनगर जोन, मोहननगर एवं वसुन्धरा में आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त नगर पालिका खोड़ा-मकनपुर, लोनी, मुरादनगर तथा नगर पंचायत डासना, पतला, निवाड़ी एवं फरीदनगर में भी प्रशिक्षण सत्र संचालित हुए।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मकान सूचीकरण के समय जनसामान्य से पूछे जाने वाले निर्धारित प्रश्नों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल जनगणना के अंतर्गत पोर्टल एवं मोबाइल एप पर डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन (Live Demonstration) भी कराया गया।
अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) / जिला जनगणना अधिकारी द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि जनगणना कार्य में नियुक्त सभी कार्मिक जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 4 एवं 11 के अंतर्गत ‘लोक सेवक’ हैं तथा इस कार्य में सहयोग करना विधिक रूप से अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, कार्य से इंकार अथवा शिथिलता दंडनीय है, जिसके लिए एक हजार रुपये तक का जुर्माना तथा दोषसिद्धि की स्थिति में तीन वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया है कि प्रशिक्षण में उनकी उपस्थिति अनिवार्य है। बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 एवं जनगणना नियमावली, 1990 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर जनसामान्य के साथ सौम्य व्यवहार करते हुए त्रुटिरहित एवं सटीक आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करें, जिससे राष्ट्र के विकास हेतु विश्वसनीय डेटा उपलब्ध हो सके। जनपदवासियों से अपील की जाती है कि वे गणना हेतु आने वाले प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *